राजनांदगांव

जयंती पर याद किए गए राजीव
20-Aug-2026 3:05 PM
जयंती पर याद किए गए राजीव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने उन्हें  श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय सतनाम भवन में जयंती अवसर पर एक संगोष्ठी सभा का आयोजन किया गया। 

कांग्रेसियों ने स्व. गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी सभा की शुरूआत की। स्व. गांधी की राष्ट्र को दिए योगदान का उल्लेख करते कांग्रेस नेताओं ने उन्हें सच्चा और महान सपूत बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गांधी के नेतृत्व में देश ने एक अभूतपूर्व विकास की राह पकड़ी थी। खासतौर पर पंचायती और कम्प्यूटरीकृत शिक्षा की वजह से भारत की तरक्की का मार्ग प्रशस्त हुआ था। स्व. गांधी एक दूरदर्शी राजनेता के साथ-साथ तकनीकी कौशल के भी ज्ञाता थे। कांग्रेसी नेताओं ने आज उन्हें नमन करते हुए कहा कि विकसित भारत स्व. गांधी की बुनियादी सोच का ही परिणाम है। 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि  स्व. राजीव गांधी ने देश के लिए जो कार्य किया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। आज जो नए भारत विकसित भारत दिख रहा है, उनके दूरगार्मी सोच का नतीजा है।  दूरगामी सोच के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ाने और विकसित राष्ट्र के लिए प्रतिबद्ध थे। राजीव गांधी त्रिस्तरीय पंचायती राज के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूती के लिए कई अहम फैसले लिए। कांग्रेसियों ने कहा कि स्व. राजीव गांधी के समावेशी विकास की दूरदर्शितापूर्ण सोच के साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था, संचार क्रांति एवं युवाओं को मतदान का अधिकार जैसे निर्णयों से उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नींव रखी।

संगोष्ठी सभा में शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, भागवत साहू, रूपेश दुबे, श्रीकिशन खंडेलवाल, धनेश पाटिला,  रूबी गरचा, ललित मरकाम, विनय झा, झमन देवांगन,  अशोक फडऩवीस, बंटी यादव, राकेश जोशी, संतोष पिल्ले, चेतन भानुशाली सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट