राजनांदगांव
कार्रवाई का लोगों ने किया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त। शहर के ममता नगर क्षेत्र के खंडेलवाल कालोनी में नगर निगम की अतिक्रमण टीम ने बेजा-कब्जा को लेकर अभियान शुरू किया। टीम को अभियान के चलते विरोध का सामना करना पड़ा।
आज सुबह नगर निगम के अलग-अलग दस्ते ने कालोनी में कब्जाधारियों को हटाने के लिए जैसे ही तोडफ़ोड़ की कार्रवाई शुरू की। उसी दौरान कई लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। ज्ञात हो कि नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता ने पूर्व में नया बस स्टैंड स्थित फ्लाई ओवर के नीचे अतिक्रमण करने वालों को हटाने का निर्देश दिया था। साथ ही गोलबाजार क्षेत्र में भी भ्रमण कर अतिक्रमण करने वालों पर नकेल कसा था। इधर गुरुवार को भी नगर निगम की अतिक्रमण दस्ता टीम ने ममता नगर इलाके में अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया।
गुरुवार को नगर निगम की अतिक्रमण दस्ता टीम ने ममता नगर क्षेत्र के खंडेलवाल कालोनी में पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इधर कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम को लेकर भारी विरोध भी जताया। अतिक्रमण को लेकर चल रहे विवाद के बीच निगम की टीम पुलिस प्रशासन और स्थानीय पार्षद के साथ कार्रवाई अभियान को आगे बढ़ाया।