राजनांदगांव
भिलाई-चरोदा में पदस्थ अफसर पर दलाल संग मिलकर रिश्वत लेने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अगस्त। राजनांदगांव के ममता नगर में आजादी का पर्व के एक दिन पहले सीबीआई ने रेल्वे के एक अधिकारी के घर में छापामार कार्रवाई की।
सीबीआई की रेड रेल्वे अफसर द्वारा दलाल संग मिलकर रिश्वत लेने से जुड़ा हुआ है। इससे पहले सीबीआई के अफसरों ने भिलाई-चरोदा क्षेत्र के पुरैना पीपी यार्ड में दबिश देकर रेल्वे अधिकारी अनमोल उके और दलाल दीपक वर्मा को गिरफ्तार किया। इसके बाद एक टीम ने ममता नगर में धावा बोलकर उके के निजी आवास में दबिश देकर जांच पड़ताल की। 14 अगस्त को दोपहर बाद एक वाहन में पहुंचे आधा दर्जन सीबीआई के अफसरों ने ममता नगर में स्थित उके के घर में रिश्वत की रकम और अन्य दस्तावेज की गहन जांच पड़ताल की। निजी निवास में छापामार कार्रवाई से पहले अनमोल उके और दलाल दीपक वर्मा को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था।
बताया जा रहा है कि 14 अगस्त की दोपहर से शुरू हुई छापामारी अगले दिन यानी 15 अगस्त की सुबह तक चली। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई के अफसरों ने रिश्वत की रकम और दस्तावेज को बरामद किया है। हालांकि अधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सीबीआई तक अनमोल उके द्वारा दिलीप वर्मा के जरिये पुराने लंबित बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। इसकी ठेकेदार ठेकेदार द्वारा सीबीआई से की गई थी।
बताया जा रहा है कि पीपी यार्ड में बीएसपी, एनएसपीसीएल और अन्य मालगाडिय़ों की अनलोडिंग के बाद जांच पड़ताल की जाती है। जिसमें टूट-फूट होने पर पार्ट्स को बदल दिया जाता है। ऐसी शिकायत मिली थी कि अधिकारी दलाल के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त सामानों को सुधारने के बजाय नया लगाया जा रहा था। यानी क्षतिग्रस्त सामानों को कंडम बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। इसकी शिकायत की जांच मिलते ही सीबीआई के दर्जनभर सदस्यों ने तीन स्थानों में छापामार कार्रवाई की। इसी के चलते ममता नगर में भी अफसर के घर सीबीआई की टीम ने घंटों जांच पड़ताल की। गौरतलब है कि राजनांदगांव में पिछले दो-तीन दिनों से भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर अलग-अलग जांच एजेंसियों ने छापामार कार्रवाई की है। जिसमें छत्तीसगढ़ की बहुचर्चित डीएमएफ फंड घोटाला की जांच के लिए टीम ने 2 व्यापारी मनीष भंसाली और यश नाहटा के घर दबिश दी थी।