राजनांदगांव
सतनाम भवन में स्थित प्रतिमा में अर्पित किए श्रद्धा के फूल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और महान प्रखर समाज सुधारक ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को कांग्रेसियों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धा के फूल अर्पित किए।
स्थानीय सतनाम भवन में स्थित मिनीमाता के प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कांग्रेसियों ने उन्हें एक विदुषी महिला करार देते हुए कहा कि दलित वर्ग के अलावा उन्होंने अपना पूरा जीवन महिलाओं के अधिकार, छूआछुत, बाल विवाह व दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। उनके इस प्रयास के चलते छत्तीसगढ़ की सालों पुरानी कुप्रथाओं को लेकर लोग जागरूक हुए। नतीजतन आज छत्तीसगढ़ में महिला-पुरूष समान अधिकार के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
ममतामयी मिनीमाता 5 बार सांसद रही हैं। वह 1952 से 1972 तक सांसद रही। वह स्वतंत्र भारत की पहली महिला सांसदों में से एक थी। वह हमेशा महिलाओं के शिक्षा-दीक्षा की पक्षधर रही है। कांग्रेसियों ने मिनीमाता के जीवन और सामाजिक जीवन के बारे में एक संक्षिप्त उद्बोधन भी दिया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, धनेश पाटिला, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, इकरामु्द्दीन सोलंकी, पदम कोठारी राकेश जोशी, सूर्यकांत जैन, रूबी गरचा, प्रज्ञा गुप्ता, मनीष साहू समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।