राजनांदगांव
सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम उन्नयन, आडिटोरियम का निर्माण भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अगस्त। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने शनिवार को शहर में 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से प्रदेश के सबसे बड़े 2000 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन एवं सामुदायिक भवन सहित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली एवं विद्युतीकरण के कार्य किए जाएंगे। अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से सडक़, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्य होंगे। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 1 करोड़ रुपए की लागत से 4 वार्डों में सडक़, नाली एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्य तथा 15वें वित्त आयोग टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइप लाइन विस्तार कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर 1000 पौधों का वितरण किया गया।
विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके साथ ही पार्किंग, कॉरिडोर तथा लगभग एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी होगी। यह ऑडिटोरियम राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों के लिए भी बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव शहर के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइप लाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं। डॉ. सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की स्थापना की आवश्यकता बताई। उन्होंने गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए शेड एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि शहर को 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 267 करोड़ रुपए की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुई है। उन्होंने शहर के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की जानकारी दी।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि शासन द्वारा राजनांदगांव शहर के विकास कार्यों के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की सौगात दी गई है। नगर निगम राजनांदगांव अंतर्गत नालंदा परिसर सहित अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही चौथी रेल लाइन भी चालू हो गया है। राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। गौरीनगर एवं स्टेशनपारा के अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य दिसम्बर तक पूर्ण हो जाएगा। इसके साथ ही मोतीपुर अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाईन की स्वीकृति दी गई है। जिसका जंक्शन डोंगरगढ़ होगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि राजनांदगांव शहर के विकास के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की लागत से विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव शहर में 800 सीटर का ऑडिटोरियम उपलब्ध है। इसके साथ ही 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से 2000 सीटर का ऑडिटोरियम के लिए भूमिपूजन किया गया है। इस ऑडिटोरियम के बनने से भविष्य में बड़े आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थल मिलेगा। राजनांदगांव शहर के सभी 51 वार्डों के संतुलित विकास को दृष्टिगत रखते हुए 15वें वित्त आयोग से 12 करोड़ रुपए एवं 3 करोड़ रूपए, मुख्यमंत्री की घोषणा अंतर्गत वाटर सप्लाई के लिए 1 करोड़ रूपए, अधोसंरचना के लिए 11 करोड़ 57 लाख रुपए के विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया गया है।
इस अवसर पर नीलू शर्मा, योगेश दत्त मिश्रा, सचिन बघेल, पूर्णिमा साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, पारस वर्मा, अंकिता शर्मा, दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।