राजनांदगांव
लोकतंत्र की अच्छी परंपरा को भूल गई भाजपा
राजनांदगांव, 9 अगस्त। नगर निगम राजनांदगांव में करीब 44 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में विपक्षी कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने भाजपा और महापौर मधुसूदन यादव पर लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते इसे निंदनीय बताया है। श्री पिल्ले ने कहा कि नगर निगम का सार्वजनिक कार्यक्रम किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि पूरे शहर और नगर निगम का कार्यक्रम होता है। ऐसे कार्यक्रमों में विपक्ष को भी सम्मान और प्रोटोकॉल के अनुसार स्थान मिलना चाहिए।
श्री पिल्ले ने कहा कि नगर निगम के इतिहास में लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा को बिगाडऩे का काम वर्तमान सत्ता पक्ष द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, जब नगर विकास या सार्वजनिक कार्यक्रम में विपक्ष कांग्रेस के नेताओं की उपेक्षा की गई हो। इससे पहले भी दिग्विजय कॉलेज से जुड़े कार्यक्रम में विपक्ष के कांग्रेस नेताओं का तिरस्कार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को राजनांदगांव नगरीय निकाय क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी कुल लागत लगभग 4361.26 लाख रुपए यानी करीब 43.61 करोड़ रुपए है। इतना बड़ा विकास कार्यक्रम नगर निगम का आयोजन है, लेकिन कार्यक्रम के आमंत्रण और प्रचार सामग्री को देखकर ऐसा लगता है, जैसे यह नगर निगम का नहीं, बल्कि भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम हो।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर जारी विज्ञापनों में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेताओं के फोटो शामिल नहीं किए गए हैं। वहीं आमंत्रण पत्र में भी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष द्वारा निगम प्रशासन के माध्यम से विपक्ष की उपेक्षा की जा रही है, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।