राजनांदगांव

3 माह से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
09-Aug-2026 6:40 PM
3 माह से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 अगस्त। तीन माह से इनामी फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की।  आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था तथा जिला स्तर पर इस्तेहार जारी किया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव पुलिस द्वारा फरार एवं इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे नंदकिशोर वर्मा उर्फ  नीतू उर्फ  छोटे कट्टी 25 वर्ष निवासी ग्राम मोहारा को गिरफ्तार किया।  ज्ञात हो कि 7 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस चौकी मोहारा की टीम ने कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास दबिश देकर मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 9 पेटी (450 पौवा) कीमत 60750 एवं एक ओला ईवी स्कूटी सहित कुल 1,10,750 मूल्य की संपत्ति जब्त की थी। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जबकि मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू मौके से फरार हो गया था।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया तथा जिला स्तर पर उसका इस्तेहार भी जारी किया गया था। लगातार तकनीकी निगरानी, मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल के सहयोग से पुलिस ने 8 अगस्त को आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को महाराष्ट्र में बेच दिए जाने की जानकारी दी।

वहीं आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है। वाहन की बरामदगी के संबंध में आगे की विवेचना जारी है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट