राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अगस्त। राजनांदगांव पुलिस द्वारा शुक्रवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक विजेता एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की एएसआई ज्ञानेश्वरी यादव के सम्मान में लड़कियों और महिलाओं के लिए सम्मान और बातचीत का सत्र का भव्य आयोजन पुलिस लाइन स्थित मंगल भवन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की बालिकाओं एवं महिलाओं को खेल, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी मंजुला बाज तथा ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के उपरांत आयोजित संवाद सत्र अत्यंत प्रेरणादायी एवं भावनात्मक रहा। ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने बचपन से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के सफर को अत्यंत सरल एवं प्रेरक शब्दों में साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने खेल को अपना लक्ष्य बनाया तथा निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता प्राप्त की। उन्होंने अपने माता-पिता के संघर्ष एवं अमूल्य सहयोग का विशेष उल्लेख करते कहा कि समाज की विभिन्न चुनौतियों के बावजूद उनके माता-पिता ने सदैव उन पर विश्वास बनाए रखा और हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने बताया कि परिवार का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा।
ज्ञानेश्वरी ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अनुभव, विदेशों में प्रतिस्पर्धा के दौरान होने वाले मानसिक दबाव, मानसिक तैयारी, सकारात्मक सोच एवं अभिव्यक्ति की भूमिका, लक्ष्य के प्रति समर्पण तथा अनुशासित जीवनशैली के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपनी आगामी प्रतियोगिताओं एवं भविष्य की तैयारियों की रणनीति भी साझा की।
संवाद के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं ने अनेक उत्साहपूर्ण प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के दौरान विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव तथा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी ज्ञानेश्वरी यादव से विभिन्न विषयों पर जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे तथा उनके अनुभवों को सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया। उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ संवाद में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में ज्ञानेश्वरी यादव एवं उनके माता-पिता का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों, छात्राओं एवं महिलाओं ने इस प्रेरणादायी आयोजन की सराहना करते इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में राजनांदगांव पुलिस की एक उत्कृष्ट पहल बताया।