राजनांदगांव
सोमवार को महाकाल यात्रा और कांवरियों के जत्थे का रहेगा आकर्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई। सावन माह के प्रारंभ होते ही गुरुवार को शिवालयों में जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया है। अलसुबह से जहां शिवालयों के पट खुल गए। वहीं भक्तों की भीड़ भी सुबह से ही शिवालयों में उमडऩे लगी है।
भक्त सुबह शिवालयों में फूल, बेलपत्र, दूध व जल समेत अन्य पूजन सामग्रियां लेकर पहुंचने लगे हैं। इसके साथ ही शिवालयों और मंदिरों में भगवान शिव से जुड़े भजनों की धुन भी सुनाई दे रही है। इधर आगामी 3 अगस्त को सावन मास के प्रथम सोमवार को शहर में महाकाल यात्रा और नदी तटों में कांवरियों का जत्था नजर आएगा। महाकाल यात्रा में भक्तों द्वारा महाकाल के जयघोष और कांवरियों के जत्थे द्वारा ओम नम: शिवाय और हर-हर महादेव की गंूज बनी रहेगी।
मंदिरों और शिवालयों के समीप पूजन सामग्रियों की दुकानें भी सजकर तैयार होने लगी है। गुरुवार से सावन मास शुरू होते ही मंदिरों और शिवालयों में भक्तों द्वारा पूजन सामग्रियों के साथ पहुंचकर बोलबम और हर-हर महादेव के जयघोष किए। मंदिरों में सुबह से ही महिलाएं व युवतियों तथा युवक व पुरूष भी मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक कर धतुरा व बेल पत्ता भी अर्पित किया। इसके अलावा अन्य पूजन सामग्रियों भी चढ़ाई गई। सावन मास का पहला सोमवार आगामी 3 अगस्त को पड़ेगा। इस दिन स्थानीय शिवालयों में जलाभिषेक करने भक्तों की होड़ मचने की संभावना है। भक्तगण देश के प्रसिद्ध शिवस्थलों में दर्शन व आराधना करने के लिए पहुंचते हैं। वहीं कुछ कांवरिये हर सोमवार को जल अर्पित करने मंदिर में पहुंचते हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्तगण सोमवार को व्रत रखने के अलावा भगवान शिव की प्रासंगिकता को व्यवहारिक जीवन में उतारने का संकल्प लेते हैं। सावन माह में भगवान शिव को प्रसन्न करने युवतियों की खास रूचि होती है। युवकों की तुलना में युवतियां पूरे माह कठिन उपवास रखकर मनवांछित कामना करती है। यही कारण है कि शिवालयों में सभी वर्गों में युवतियों की तादाद अधिक होती है। इधर आज सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के साथ ही भक्तों ने दूध से भी शिवलिंगो को स्नान कराया। इसके अलावा धतुरा, बेलपत्री समेत अन्य पूजा सामाग्री को भी भक्तों ने भगवान शिव को अर्पित किया। साल दर साल भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए युवतियों के साथ युवकों में भी रूचि बढ़ी है। सावन महीने को भक्ति के लिहाज से बेहद ही महत्वपूर्ण माना जाता है।