राजनांदगांव

हत्या का आरोपी हिरासत में
30-Jul-2026 4:37 PM
हत्या का आरोपी हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई।
डोंगरगढ़ के कश्मीरी पारा में चाकूबाजी की घटना में एक युवक की हत्या  के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना में एक अन्य युवक घायल है। उक्त घटना पुरानी रंजिश को लेकर हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ थानांतर्गत प्रार्थी शाहरूख खान 23 वर्ष निवासी डोंगरगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 28 जुलाई की रात्रि लगभग 9 बजे वह अपने भाई फारूख खान, मित्र सुमित विश्वकर्मा उर्फ बोंगो एवं धनु यादव के साथ कश्मीरी पारा स्थित धनु यादव के घर रहे थे।

इसी दौरान कश्मीरीपारा गली  में आरोपी अभय निषाद जिसका पूर्व से  धनु यादव के साथ विवाद था। हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर आया तथा गाली-गलौज करते सभी को मारने के लिए दौड़ाया। भागने के दौरान प्रार्थी शाहरूख खान गिर गया, जिस पर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर प्राणघातक हमला किया। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से धनु यादव उर्फ  धनेश के पेट में वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची, किंतु उपचार के दौरान धनु यादव की मृत्यु हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 109, 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।  थाना डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते आरोपी अभय निषाद को हिरासत में लिया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट