राजनांदगांव

गौशाला पिंजरा पोल में विस अध्यक्ष रमन ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण
30-Jul-2026 3:03 PM
गौशाला पिंजरा पोल में विस अध्यक्ष रमन ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

परिसर में आधुनिक गौ चिकित्सा केंद्र व गौ-छाया की मिलेगी सुविधा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 30 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में गुरुवार को गौशाला पिंजरा पोल द्वारा गौ सेवा एवं गौ संवर्धन की दिशा में  एक महत्वपूर्ण पहल के बीच आधुनिक गौ चिकित्सा केंद्र और गौ-छाया परिसर का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा गौशाला परिसर में अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के मद्देनजर नवनिर्मित कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इस दौरान शहर के राजनीतिक, गैर  राजनीतिक एवं गौसेवा अभियान से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। गौशाला समिति के अध्यक्ष खूबचंद पारख ने पिंजरापोल की मौजूदा बुनियादी संरचना को मजबूती देने के प्रयास के संबंध में आगंतुकों को विस्तृत जानकारी दी। बतौर मुख्य अतिथि विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गौशाला पिंजरा पोल के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि स्व. मनोहर चंद चोपड़ा की स्मृति में निर्मित गौ-छाया परिसर का लोकार्पण किया गया। वहीं स्व. चंचलबाई आसकरण कोचर की स्मृति में कोचर परिवार के विशेष सहयोग से तैयार आधुनिक गौ-चिकित्सा परिसर तथा स्व. फूलूबाई संपतलाल श्रीश्रीमाल की याद में  गौ-छाया परिसर का भूमिपूजन किया गया।

गौशाला पिंजरा पोल ने उम्मीद जताई कि उक्त निर्माण से पशु चिकित्सालय में बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार, आपरेशन, एक्स-रे तथा स्केन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस दौरान समाजसेवी बल्देव सिंह भाटिया, महापौर मधुसूदन यादव, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, सुशील कोठारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, मधु बैद, जैनम बैद, शेखर यादव, राजेश अग्रवाल, राजेश यादव, प्रदीप गांधी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट