राजनांदगांव

पिकअप वाहन से गांजा तस्करी, 41 किलो जब्त
29-Jul-2026 1:57 PM
पिकअप वाहन से गांजा   तस्करी, 41 किलो जब्त

अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 जुलाई। अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पुलिस ने भंड़ाफोड करते साढ़े 20 लाख रुपए के 41 किलो गांजा को जब्त किया। बताया गया कि गांजा तस्कर गांजा को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा योद्धा पिकअप वाहन और मोबाइल जब्त किया। पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

मिली जानकारी के अनुसार साइबर सेल राजनांदगांव एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की संयुक्त टीम ने 26 जुलाई को एनसीबी रायपुर से सूचना मिली कि ओडिशा के मलकानगिरी/कोरापुट क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा टाटा योद्धा पिकअप में भरकर राजनांदगांव-तुमड़ीबोड़ मार्ग से होते हुए आगरा (उत्तरप्रदेश) ले जाया जा रहा है।  सूचना को गंभीरता से लेते वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर एनसीबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन पुलिस को देखकर लगभग 300 मीटर पहले रूक  गया। वाहन में सवार दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।  संयुक्त टीम द्वारा तत्काल उनका पीछा किया गया एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाश की गई।  फरार आरोपियों द्वारा छोड़े गए  वाहन की विधिसम्मत तलाशी लेने पर सीट के पीछे एवं नीचे छिपाकर रखे गए 36 पैकेट बरामद हुए। जिसमें कुल 41.195 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा होना पाया गया। बरामद गांजा को नियमानुसार सीलबंद किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई। तलाशी के दौरान वाहन से ओप्पो कंपनी का एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस द्वारा 41.195 किलोग्राम गांजा, टाटा योद्धा पिकअप वाहन एवं मोबाइल फोन सहित कुल 28 लाख 65 हजार 750 रुपए मूल्य का मशरूका जब्त किया। प्रथम दृष्टया आरोपियों द्वारा व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थ गांजा का अवैध परिवहन किया जाना पाए जाने पर उनके विरुद्ध तुमडीबोड़ के अप.क्र.319/26 धारा 20(बी) (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। फरार आरोपियों की पहचान स्थापित कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु एनसीबी रायपुर एवं राजनांदगांव पुलिस की संयुक्त टीम लगातार प्रयासरत है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट