राजनांदगांव

विदेशी करेंसी के निवेशकों ने राशि और मुनाफा नहीं मिलने पर संचालक के घर के बाहर किया हंगामा
28-Jul-2026 2:41 PM
विदेशी करेंसी के निवेशकों ने राशि और मुनाफा नहीं मिलने पर संचालक के घर के बाहर किया हंगामा

डोंगरगढ़ में लॉग एशिया कंपनी नेटवर्क से जुड़े देशभर के सैकड़ों निवेशकों में आक्रोश

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 28 जुलाई। डोंगरगढ़ में विदेशी करेंसी  में निवेश करने वाले देशभर के सैकड़ों निवेशकों ने सोमवार को कथित कंपनी संचालक और एजेंट के घर पहुंचकर भारी हंगामा किया।

निवेशकों का आरोप है कि एकाएक कंपनी द्वारा तकनीकी वजह का हवाला देकर लेनदेन बंद कर दिया गया है। वहीं निवेशकों को मुनाफा और मूल राशि आहरित करने में परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे में पंजाब तथा अन्य राज्यों के सैकड़ों निवेशकों ने डोंगरगढ़ में कथित संचालक कुलजीत सिंह भाटिया और एजेंट जोगेन्द्र वर्मा के घर धावा बोलकर काफी हंगामा किया। हंगामे की खबर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि निवेशकों ने पुलिस को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया। निवेशकों की मौजूदगी की खबर लगने के बाद कथित संचालक कुलजीत सिंह भाटिया घर से गायब हो गया। इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि लोगों की भीड़ जमा होने की खबर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। निवेशकों ने कंपनी के संबंध और निवेश को लेकर जानकारी दी। एसडीओपी के मुताबिक स्थानीय निवेशकों ने एक आवेदन दिया है। पुलिस कंपनी के अस्तित्व और एजेंट के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के रहने वाले कुलजीत सिंह भाटिया द्वारा लॉग एशिया टे्रडिंग कंपनी के जरिये विदेशी करेंसी में निवेश के नाम पर छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से निवेशकों से राशि जमा कराई थी। इसके एवज में 10 प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिया गया था। बताया जा रहा है कि इस साल जनवरी-फरवरी तक निवेशकों का मुनाफा के साथ-साथ मूल रकम की वापसी की जा रही थी। कुलजीत सिंह भाटिया के अलावा जोगेन्द्र वर्मा कंपनी के एजेंट के तौर पर निवेशकों से जुड़े हुए थे। दोनों डोंगरगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के आलीशान होटल में बकायदा सेमिनार कर निवेशकों को आकर्षित करने का काम करते थे।

निवेशकों ने पुलिस को बताया कि साल 2024 में उक्त कंपनी ने निवेश के लिए लोगों को अपने साथ जोड़ा। शुरूआत में निवेश के अनुरूप  10 प्रतिशत मुनाफा भी मिल रहा था और मुनाफे की रकम के अलावा मूल राशि कभी भी निकालने की सुविधा थी। एकाएक 2025 के शुरूआती महीनों के बाद मुनाफा और मूल राशि निकालने पर रोक लगा दी गई। तकनीकी खामियों का हवाला देकर निकासी बंद कर दी गई। यही कारण है कि देशभर के अलग-अलग राज्यों के बड़े निवेशकों ने डोंगरगढ़ में कथित डायरेक्टर को घेरने के इरादे से धावा बोल दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट