राजनांदगांव
वरिष्ठ नेताओं के रवैये से खफा, थोक के भाव में त्यागपत्र से भाजपा में खलबली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 जुलाई। डोंगरगढ़ के भाजपा नेताओं के बीच चल रही अंदरूनी कलह एक बड़े इस्तीफे के रूप में सामने आई है। डोंगरगढ़ के 111 पदाधिकारियों ने कथित रूप से स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के रवैये से खफा होकर त्यागपत्र दिया है। भाजपा में इस घटनाक्रम से खलबली मच गई है। राजनीतिक रूप से पार्टी के लिए इस घटना ने असंतोष को जाहिर कर दिया। इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष प्रिंस कक्कड़ के अलावा पूर्व महिला मोर्चा की महामंत्री गीता मानिकपुरी, पूर्व एल्डरमैन परविंदर सिंह मोंटी, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष ज्योति बड़वाईक के अलावा पूर्व मंत्री विरेन्द्र साहू समेत कुल 111 पार्टी पदाधिकारियों ने भाजपा से इस्तीफा दिया है।
बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को सामूहिक रूप से भेजे इस्तीफा में खुलेतौर पर नाराज नेताओं ने डोंगरगढ़ शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना के अलावा प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष रामजी भारती तथा डोंगरगढ़ शहर के 4 व्यापारी नेताओं पर निशाना साधा है। इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती एवं 4 व्यापारी नेता संगठन को अपने तरीके से चला रहे हैं। पार्टी के भीतर निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर जिला संगठन सुध लेने तैयार नहीं है।
आरोप लगाया गया है कि भाजपा के भीतर परिवारवाद डोंगरगढ़ में पूरी तरह से हावी है। यानी इस्तीफा देने वालों का इशारा वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्दर सिंह बन्नोआना की ओर है। उनके भतीजे जसमीत सिंह बन्नोआना बतौर मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। जसमीत की कार्यप्रणाली को लेकर ही सारा विवाद इस्तीफे में बदला है। नाराज नेताओं को मनाने के लिए फिलहाल किसी आला नेता की ओर से पहल नहीं हुई है।
डोंगरगढ़ में सामूहिक इस्तीफे के बाद मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना पर कार्रवाई करने का संगठन पर दबाव बना है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया में त्यागपत्र भेजने के बाद जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने डोंगरगढ़ के भाजपा नेता हरविंदर सिंह मंगे से नाराज पदाधिकारियों को मनाने की अपील की थी। इस्तीफा देने की वजह से मंागे ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया।
गौरतलब है कि डोंगरगढ़ के 4 व्यापारी नेताओं के इशारे पर लंबे समय से संगठन की गतिविधियां चल रही है। ऐसे में पार्टी की एक धड़ा सांगठनिक स्थिति को लेकर मुखर रहा है। पिछले दिनों इस्तीफा देने वाले प्रमुख नेताओं को जिला भाजपा की ओर से नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बाद पिछले दिनों जिला संगठन प्रभारी जितेन्द्र वर्मा और डोंगरगढ़ शहर मंडल प्रभारी जितेन्द्र साहू ने नाराज नेताओं की एक बैठक की थी। बैठक में नेताओं को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती से सुलह करने प्रभारियों ने सलाह दी। यहीं से मामला बिगड गया। आखिरकार एक बड़े पैमाने पर भाजपा नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला किया।
जसमीत को हटाने के बाद ही इस्तीफा वापसी की संभावना- प्रिंस कक्कड़
भाजपा से त्यागपत्र देने वालों में प्रमुख पदाधिकारी पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष प्रिंस कक्कड़ ने खुलेतौर पर कहा कि मंडल अध्यक्ष जसमीत बन्नोआना को पद से हटाने के बाद ही इस्तीफा वापसी की संभावना बनेगी। फिलहाल इस्तीफा वापस लेने का कोई विचार नहीं है। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते श्री कक्कड़ ने कहा कि पार्टी के प्रमुख नेताओं ने डोंगरगढ़ संगठन पर एकाधिकार जमा लिया है। ऐसे में सक्रिय कार्यकर्ताओं की पूछपरख नहीं हो रही है। पार्टी में भाई-भतीजावाद के अलावा परिवारवाद को खुलेआम बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण दिया कि जसमीत बन्नोआना वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्दर बन्नोआना के सगे भतीजे हैं। ऐसे में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस को परिवारवाद को बढ़ावा देने का किस अधिकार से विरोध करती है। कक्कड़ ने कहा कि दोहरी नीति कतई बर्दाश्त नहीं होगी। आला नेताओं को कई बार पूरी परिस्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन प्रभावशाली नेताओं के दबाव में सभी की बातों को अनसुना किया जा रहा था।
