राजनांदगांव

बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रिया व मोना का खेल कोटे से रेल्वे में चयन
27-Jul-2026 3:49 PM
बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रिया व मोना  का खेल कोटे से रेल्वे में चयन

महापौर ने निरंतर मेहनत जारी रखने किया प्रेरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जुलाई। संस्कारधानी की दो बास्केटबॉल खिलाड़ी बहनों प्रिया गोस्वामी एवं मोना गोस्वामी ने राजनांदगांव जिला सहित पूरे प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करते बास्केटबॉल खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की है। दोनों खिलाडिय़ों ने रविवार को महापौर मधुसूदन यादव के मोतीपुर निवास में सौजन्य भेंट कर अपनी उपलब्धि से अवगत कराते आशीर्वाद लिया। इस दौरान पिता तीरथगिरि गोस्वामी, सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक राजेन्द्र यादव, सेवानिवृत्त पीटीआई  रणविजय प्रताप सिंह, भाजपा नेता  राजेन्द्र जैन उपस्थित रहे।

खिलाडिय़ों के विषय में महापौर को अवगत कराते पीटीआई रणविजय प्रताप सिंह ने बताया कि दिग्विजय स्टेडियम समिति राजनांदगांव के कार्यालय सहायक तिरथगिरी गोस्वामी की दोनों पुत्रियां बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रिया गोस्वामी एवं मोना गोस्वामी ने बचपन से साथ-साथ प्रेक्टिस करते स्पोर्टस् ऑथोरिटी ऑफ  इंडिया  राजनांदगांव के बास्केटबॉल कोच के. राजेश्वर राव के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में अपने खेल को निखारा एवं कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में खेलते हुए राजनांदगांव जिला, छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं भारत देश को गौरवान्वित किया है।

हॉल ही में प्रिया गोस्वामी को खेल कोटे से पूर्वी रेल्वे कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में ग्रुप सी वर्ग में कनिष्ठ लिपिक की नौकरी प्राप्त हुई है। इसी प्रकार मोना गोस्वामी को खेल कोटे में पश्चिम रेल्वे मुम्बई (महाराष्ट्र) में ग्रुप डी वर्ग में टेलिकाम सहायक के पद पर नियुक्ति दी गई है। इन दोनों खिलाडिय़ों के पिता तिरथगिरि गोस्वामी ने बताया कि उनका परिवार एक मध्यम परिस्थिति का साधारण परिवार है। जिसमें उनकी 3 पुत्रियां हैं। तीनों ही बाल्यावास्था से बास्केटबॉल खेल के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी बड़ी पुत्री प्रीति गोस्वामी बास्केटबॉल में दो नेशनल खेल चुकी है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।

उनसे छोटी दोनों बहनें प्रिया एवं मोना ने अपनी बड़ी बहन प्रीति के साथ ही बास्केटबाल खेलना प्रारंभ किया था और आज ये दोनों बच्चियॉ कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं संघर्ष के बल पर इस मुकाम तक पहुंची है। जिसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ.  रमन सिंह सहित महापौर मधुसूदन यादव का अहम योगदान रहा है।


अन्य पोस्ट