राजनांदगांव
नांदगांव जिले में खंड वर्षा की बन रही लगातार स्थिति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जुलाई। राजनांदगांव जिले के कई हिस्सों में खंड वर्षा की स्थिति बनने से किसानों की चिंता स्वभाविक रूप से बढ़ गई है। रविवार को राजनांदगांव शहर में जहां मूसलाधार बारिश हुई। वहीं खैरागढ़ एवं अन्य मैदानी व पठारी इलाकों में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे। खंड वर्षा को लेकर किसानों के मन में दुविधाएं पैदा हो गई है। मसलन अपने अनुभव के आधार पर किसान अकाल को लेकर आशंकित हो गए हैं। जिले में अब ऐसे वक्त पर खंड वर्षा की स्थिति बन रही है, जब थरहा लगाने के बाद धान के लिए पानी की अति आवश्यकता है। छोटे किसानों को बारिश का इंतजार है। वहीं पंपों से बड़े किसान खेती को आगे बढ़ा रहे हैं।
जिले में इस साल आषाढ़ के महीने में मानसून का प्रदर्शन आंशिक रहा। यानी लेट से पहुंचे मानसून ने खेती के काम को काफी पीछे ढकेल दिया। बुआई का काम भी धीमी गति से हुआ। धान की फसल के लिए जुलाई के पहले सप्ताह में हुई तीन दिन की बारिश से थोड़ी राहत मिली। इसके बाद पखवाड़ेभर बादल बरसने के लिए तैयार नजर नहीं आए। तेज धूप और उमस से धान के पौधों को शुरूआत में ही नुकसान हुआ है। हालांकि 15 जुलाई के बाद फिर हुई बारिश से खेती थोड़ा सम्हल गई।
अच्छी बारिश होने की वजह से थरहा लगाने का काम तेजी से शुरू हुआ। थरहा लगाने के बाद फसल को पानी की काफी आवश्यकता होती है, लेकिन मानसून के रूठने से खेती का काम फिर से डांवाडोल नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि अब तक औसत वर्षा होने से खेती के अलावा बांध-बैराज खाली पड़े हुए हैं।
पानी की कमी के चलते रोपा का काम भी पिछडऩे लगा है। अल्प वर्षा की संभावना के बीच खंड वर्षा में किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे खींच गई है। रोपा के बाद किसानों को खाद की कमी का संकट भी परेशानी का सबब बन गया है। खंड वर्षा की आशंका को देखकर किसान नाउम्मीद होते दिख रहे हैं। यानी किसान अपने अनुभव के आधार पर यह मान रहे हैं कि जल्द ही खंड वर्षा की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसे में खेती का काम इस साल घाटे का सौदा साबित हो सकता है।