राजनांदगांव

पूर्व विधायक छन्नी पर गाली-गलौज का आरोप
25-Jul-2026 4:01 PM
पूर्व विधायक छन्नी पर गाली-गलौज का आरोप

छुरिया भाजपा मंडल ने पुलिस से की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 जुलाई। खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू पर भाजपा नेताओं को सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करने के मामले में छुरिया भाजपा मंडल ने पुलिस से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंकने के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेसियों के नाक के नीचे पुतला को छीन लिया था। इसके बाद छुरिया में कांगे्रस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच एक-दूसरे को लेकर नारेबाजी की गई। देखते ही देखते यह मामला काफी बढ़ गया। इस बीच छुरिया भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक को जूता दिखाया। इसके जवाब में छन्नी साहू ने खुलेतौर पर  भाजपा नेताओं पर गाली-गलौज की। गाली-गलौज करने का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ है।

एक ओर कांग्रेसियों ने पुतला लेकर भागे भाजपा कार्यकर्ता के विरूद्ध पुलिस से कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके जवाब में छुरिया भाजपा मंडल के अध्यक्ष कांता साहू, हितेश गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। यह मामला काफी तूल पकड़ रहा है। बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं को खुलेआम गाली-गलौज करने से पूर्व विधायक के विरूद्ध क्षेत्रीय राजनीति गरमा गई है।

कांग्रेस भी आक्रामक

पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता द्वारा दखल देने के मामले को लेकर कांग्रेस भी आक्रामक मूड में है। कांग्रेसियों ने भी थाना प्रभारी से तत्काल भाजपा कार्यकर्ता अमीर खान के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। पूर्व विधायक छन्नी साहू के अलावा अन्य क्षेत्रीय कांग्रेसी नेताओं ने भी पार्टी के प्रदर्शन पर अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप को लेकर नाराजगी भी जताइ्र है। बताया जा रहा है कि पुतला लेकर भागे भाजपा कार्यकर्ता खान के इस हरकत के बाद ही पूर्व विधायक व अन्य नेता आक्रामक हुए।

 इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर नारेबाजी हुई। कांग्रेस ने जहां नरेन्द्र मोदी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने जवाब में हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा लगाए। दोनों दल के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर एक-दूसरे के विरूद्ध नारेबाजी की। काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस बीच भाजपा के कार्यकर्ता ने कथित तौर पर पूर्व विधायक को जूता दिखाया। जवाब में पूर्व विधायक श्रीमती साहू ने भी दोनों हाथ में जूता लेकर गाली-गलौज की। इस बीच  पूर्व विधायक के आक्रामक रूख का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। पुलिस को दोनों पक्षों को सम्हालने के लिए एडी-चोटी का जोर लगाना पड़ा।  डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक समेत अन्य पुलिस कर्मियों को बीच-बचाव करने के लिए सामने आना पड़ा।


अन्य पोस्ट