राजनांदगांव

अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 बंदी
24-Jul-2026 3:30 PM
अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 24 जुलाई। अंतरराज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 6 मोटर साइकिल बरामद किया।

मिली जानकारी के अनुसार लालबाग थानांतर्गत प्रार्थी सुभम यादव निवासी पेंड्री राजनांदगांव ने 8 जुलाई को अपनी मोटर साइकिल शेरे पंजाब ढाबा के पास खड़ी करने के बाद चोरी हो जाने की रिपोर्ट लालबाग थाना में दर्ज कराई गई थी।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल द्वारा प्राप्त सीसीटीवी फुटेज व  मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर संयुक्त पुलिस टीम ने पेंड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में  पंकज मंडिया 19 वर्ष, सांवरीटोला गोंदिया, प्रतीक गयगये  23 वर्ष सांवरीटोला गोंदिया एवं कमलेश नखाते  26 वर्ष निवासी ग्राम लाडसा बालाघाट ने पूछताछ में चोरी की मोटर साइकिल चोरी करना व अपने कब्जे में होना स्वीकार किया तथा पूछताछ के दौरान कुल 6 चोरी की मोटर साइकिलों के संबंध में जानकारी दी। जिसमें से 4 मोटर साइकिल रायपुर के अलग-अलग स्थानों से तथा एक मोटर साइकिल आमगांव जिला गोंदिया महाराष्ट्र राज्य से चोरी करना बताए।  आरोपियों के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 6 मोटर साइकिल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटर साइकिलों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहनों के मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग कर रहे थे। एक आरोपी द्वारा चोरी का वाहन होने की जानकारी होने के बावजूद अपने पास रखना भी पाया गया। जिसके आधार पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं 336(3), 238, 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट