राजनांदगांव
स्टॉफ नर्स से बदसलूकी मामले में जांच के नाम पर खानापूर्ति का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जुलाई। राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में संस्थागत प्रसव के दौरान गैरमौजूद चिकित्सक डॉ. विक्रम बैद के खिलाफ लगे संगीन आरोपों की जांच के लिए गठित टीम सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। जबकि पिछले दिनों गर्भ में एक शिशु की मौत की घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने तृतीय श्रेणी कर्मी लैब टेक्नीशियन को निलंबित कर दिया।
तृतीय कर्मचारियों को निशाना साधने को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। वहीं एक और मामले में विवादित चिकित्सक डॉ. बैद के स्टॉफ नर्स चंचल कौशिक के साथ प्रशासकीय बैठक में बदसलूकी करने की घटना पर अब भी एक्शन नहीं लिया गया है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सक को संरक्षण देने का आरोप लग रहा है। संघ के जिलाध्यक्ष लभेश पगारे ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि चिकित्सकों को एक तरह से राहत देने की साजिश की जा रही है। जबकि घटना के लिए निचले कर्मचारियों को आसानी से निशाना बनाया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय में पिछले कुछ दिनों से स्टॉफ नर्सों के साथ सार्वजनिक रूप से वार्डों में बदसलूकी और बेईज्जत करने का मामला सुर्खियां बटोर रहा है। बताया जा रहा है कि एसएनसीयू प्रभारी डॉ. विक्रम बैद पर कई तरह के संगीन आरोप लगे हैं। मसलन ड्यूटी के दौरान वह सरकारी अस्पताल के बजाय निजी अस्पतालों में सेवाएं देने के आरोप से घिरे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि राजनीतिक प्रभाव के चलते विक्रम बैद के ऊपर कार्रवाई करने में अस्पताल प्रबंधन के हाथ कांप रहे हैं। सत्तारूढ़ दल के एक प्रभावशाली नेता के करीबी होने का हवाला देकर डॉ. बैद अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। पिछले दिनों भी एसएनसीयू वार्ड में डोंगरगढ़ की गर्भवती महिला कविता मंडावी के प्रसव के दौरान भी प्रभारी चिकित्सक विक्रम बैद गैरमौजूद थे। उन पर वार्ड से गैरहाजिर रहने के मुद्दे को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कई दफे सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद को जानकारी दी गई।
संघ के सदस्यों का आरोप है कि चिकित्सकों ने बकायदा एक गठजोड़ बना लिया है। यानी चिकित्सकों द्वारा कोताही बरतने जाने की सूरत में कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। इस बीच कविता मंडावी के गर्भ में शिशु की मौत की घटना के लिए आनन-फानन में एक जांच कमेटी गठित कर दी गई। इस दौरान भी चिकित्सकों की लापरवाही सामने आई है। लैब रिपोर्ट में विलंब करने को आधार बताकर चिकित्सकों ने प्रसूति कराने से इन्कार कर दिया था। जिसके चलते गर्भ में ही शिशु ने दम तोड़ दिया। अब यह मामला काफी चर्चित हो चुका है। डॉ. विक्रम बैद एवं एक अन्य चिकित्सक डॉ. एकता डेनियल पर भी वार्ड में अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। सबसे बड़ी बात यह है कि एसएनसीयू वार्ड में प्रसूति के दौरान ड्यूटीरत अथवा किसी भी एक चिकित्सक की मौजूदगी को लेकर नियम-शर्तें बनाई गई है। सरकारी के निर्देशों का माखौल उड़ाकर चिकित्सक निजी अस्पतालों में धड़ल्ले से प्रेक्टिस करने में रूचि ले रहे हैं। बहरहाल जिला चिकित्सालय का कुप्रबंधन चिकित्सकों को जहां खुली छूट दे रहा है। वहीं कार्रवाई के लिए सीधे लैब टेक्नीशियन अथवा तृतीय श्रेणी कर्मियों को निलंबित कर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच के नाम पर चिकित्सकों को खुली छूट
जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के रवैये को लेकर स्टॉफ नर्स से लेकर अन्य कर्मचारी मायूसी के बीच काम कर रहे हैं। वजह यह है कि चिकित्सकों की आवाजाही का एक निश्चित समय होने पर भी मरीजों के सवाल-जवाब का स्टॉफ नर्सों को ही जवाब देना पड़ता है। मामला जब संगीन या विवादित रूप लेता है तब चिकित्सक वार्डों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को ढ़ाल बनाकर बचकर निकल जाते हैं। जिला चिकित्सालय में आए दिन मरीजों के साथ उपचार के दौरान लापरवाही बरतने की घटनाएं आम बात हो गई है। स्टॉफ नर्सों और अन्य तकनीकी कर्मचारियों को लोगों के सवाल-जवाब का सामना करना पड़ता है। चिकित्सक परिस्थितियों को भांपकर अपना बचाव कर लेते हैं। ऐसे नहीं है कि जिला चिकित्सालय की अव्यवस्था से सिविल सर्जन अनभिज्ञ हैं, लेकिन चिकित्सकीय गठजोड़ के सामने कार्रवाई करने के सिर्फ कागजी स्तर पर प्रयास होता है।
डॉ. बैद पर निजी प्रेक्टिस करने पर रोक - सिविल सर्जन
विवादित चिकित्सक डॉ. विक्रम बैद को एक शो-कॉज नोटिस जारी कर निजी प्रेक्टिस नहीं करने का आदेश जारी किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. प्रसाद ने दावा किया है कि डॉ. बैद को निर्धारित समय तक अस्पताल में ड्यूटीरत रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक और मामले में उनके खिलाफ एक जांच टीम का गठन किया गया है। जिसमें उन्होंने एसएनसीयू वार्ड में कार्यरत स्टॉफ नर्सों के साथ बदसलूकी की थी। सिविल सर्जन ने व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कड़ा रूख अख्तियार किया है।