राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जुलाई। नांदगांव में मंगलवार को झमाझम और रिमझिम बारिश होने से गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। वहीं लोग घरों से निकलने के पहले रेनकोट और छातों का उपयोग करने लगे हैं। रूक-रूककर हो रही बारिश से किसानों को भी राहत मिल रही है।
इधर राजनांदगांव जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2026 से 20 जुलाई तक जिले के सभी 7 तहसीलों में 2039.5 मिमी बारिश एवं औसत 291.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी अनुसार डोंगरगढ़ तहसील में 317 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 305.5 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 409.2 मिमी, घुमका तहसील में 236 मिमी, छुरिया तहसील में 217.1 मिमी, कुमरदा तहसील में 310.8 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 243.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सोमवार तक सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 409.2 मिमी दर्ज की गई है। इसी तरह सोमवार को राजनांदगांव जिले के सभी 7 तहसीलों में 65.8 मिमी एवं औसत 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
डोंगरगढ़ तहसील अंतर्गत 17.7 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील अंतर्गत 2.5 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 28.2 मिमी, घुमका तहसील में 10 मिमी, छुरिया तहसील अंतर्गत 1.9 मिमी, कुमरदा तहसील में 4.7 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 28.2 मिमी दर्ज की गई है।