राजनांदगांव

स्वामित्व कार्ड ग्रामीणों के आत्मसम्मान व आत्मनिर्भरता की चाबी- रमन
21-Jul-2026 7:50 PM
स्वामित्व कार्ड ग्रामीणों के आत्मसम्मान व आत्मनिर्भरता की चाबी- रमन

एम्बुलेंस व स्वच्छता वाहन को दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को स्पीकर निवास में आयोजित स्वामित्व योजना अंतर्गत स्वामित्व पट्टा वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. सिंह ने  ग्राम ईरा, मनकी, आरला, बांकल एवं कुसमी के 150 हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टों का वितरण किया। कार्यक्रम में डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस एवं स्वच्छता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि स्वामित्व कार्ड केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि ग्रामीणों के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता की चाबी है। उनके कानूनी अधिकार का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से ग्रामीण आबादी की भूमि का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 24 अप्रैल 2020 को प्रारंभ की गई स्वामित्व योजना के माध्यम से अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को उसकी आवासीय भूमि का प्रमाणित अभिलेख उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के अनेक गांवों में सर्वे एवं अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा चरणबद्ध तरीके से सभी गांवों में शिविर लगाकर स्वामित्व कार्ड वितरित किए जाएंगे।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल 2020 को प्रारंभ की गई स्वामित्व योजना ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान करने वाली ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत ड्रोन तकनीक से गांवों का सर्वे कर डिजिटल नक्शा तैयार किया जाता है तथा संपत्ति का अधिकार अभिलेख प्रदान किया जाता है।

इस अवसर पर  सचिन बघेल, प्रतिमा चंद्राकर, पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, भरत वर्मा, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, सौरभ कोठारी, रेखा मेश्राम, दुर्गा प्रसाद अधिकारी, सीएल मारकण्डेय, शीतल बंसल, श्रीकांत कोराम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, हितग्राही उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट