राजनांदगांव

सडक़ किनारे बिगड़ी पिकअप को पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर, बालक की मौत
18-Jul-2026 2:52 PM
सडक़ किनारे बिगड़ी पिकअप को पीछे  से ट्रेलर ने मारी टक्कर, बालक की मौत

आधा दर्जन जख्मी, सभी अस्पताल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 जुलाई। नेशनल हाईवे में स्थित भानपुरी में बीती रात को सडक़ किनारे बिगड़ी हालत में खड़ी एक पिकअप वाहन को पीछे से एक ट्रेलर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में एक 14 साल के बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को घायल हालत में राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया। घटना बीती रात लगभग 10 बजे की है। लालबाग पुलिस घटना की जांच कर रही है। थाना प्रभारी रमेश पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि हादसे में एक की मौत हुई है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। 

मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के मोहननगर क्षेत्र के रहने वाला शर्मा परिवार एक पिकअप वाहन में सवार होकर डोंगरगढ़ में देवी दर्शन के बाद वापस लौट रहा था। भानपुरी के नजदीक शाम 7 बजे के करीब अचानक उनके वाहन का क्लच प्लेट खराब हो गया। इसके बाद वाहन को सडक़ से थोड़ा किनारे किया गया। वाहन में सवार शर्मा परिवार ने दुर्ग से वाहन बनाने के लिए मैकेनिक को बुलाया। सुधार के दौरान पीछे से आ रही एक ट्रेलर ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक 14 साल के वंश शर्मा की मौत हो गई। जबकि मैकेनिक समेत शर्मा परिवार के लगभग 8 सदस्यों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट पहुंची है।

थाना प्रभारी के मुताबिक ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पिकअप भानपुरी से कुछ दूर  आगे मोड़ में खड़ी थी। इसी वजह से पीछे से आ रही ट्रेलर चालक की खड़ी वाहन पर नजर नहीं पड़ी। ट्रेलर चालक ने यह भी बताया कि सामने से आ रही अन्य वाहनों की लाईट के चलते वह खड़ी वाहन को देख नहीं पाया और यह हादसा हो गया। इधर घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। सभी का राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।


अन्य पोस्ट