राजनांदगांव

लौटेगी चौक-चौराहों की खूबसूरती
16-Jul-2026 3:33 PM
लौटेगी चौक-चौराहों की खूबसूरती

नए आयुक्त मरकाम जमीनी हालात को समझने रोज उतर रहे सडक़ पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 जुलाई। राजनांदगांव नगर निगम के नए आयुक्त जीआर मरकाम ने शहर के चौक-चौराहों की खूबसूरती को नए सिरे से बेहतर बनाने के लिए निजी दिलचस्पी दिखाई है।

वह यह मानते हैं कि चौक-चौराहों की भव्य सुंदरता से शहर की खूबसूरती भी निखरेगी, इसलिए उन्होंने सडक़ पर उतरकर जमीनी हालात को समझने के लिए रोजाना शहर के हर कोने का भ्रमण शुरू कर दिया है। कमला कॉलेज रोड स्थित कलेक्टोरेट-एसपी बंगले के नजदीक चौराहे को खूबसूरत बनाने के लिए आयुक्त ने मातहत अफसरों को कड़े निर्देश दिए हैं। इसके अलावा वह घनी आबादी वाले बस्तियों में भी सीधे दाखिल होकर साफ-सफाई की असलियत को परखने पहुंच रहे हैं। आयुक्त मरकाम को राजनांदगांव शहर की बसाहट और भौगोलिक परिस्थितियों का अनुभव है। वह तहसीलदार के रूप में लंबे समय तक राजनांदगांव में पदस्थ रहे हैं। इस बीच आयुक्त के तौर पर वह पूरी जिम्मेदारी के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति पर निगरानी रखे हुए हैं।

आयुक्त मरकाम रोज शहर के सभी इलाकों का दौरा कर अधीनस्थ कर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए जहां नसीहत दे रहे हैं। वह कोताही बरतने पर उचित कार्रवाई करने की चेतावनी भी दे रहे हैं। आयुक्त के इस कड़े तेवर को देखकर नगर निगम का प्रशासनिक अमला काफी सक्रिय हो गया है।

 शहर की भीतरी साफ-सफाई व्यवस्था के लचर होने पर वह कड़ी कार्रवाई करने के लिए अपनी स्पष्ट नीति को जाहिर कर चुके हैं। कामकाज के मामले में आयुक्त काफी सख्त माने जाते हैं। राजनांदगांव शहर का ग्रामीण इलाका भी कई समस्याओं से जूझ रहा है। मसलन शुद्ध पेयजल की समस्या अब तक दूर नहीं हुई है। ऐसे में आयुक्त ने जमीनी स्तर पर उतरकर मौजूदा हालात को समझने के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों के चौक-चौराहों को हरा-भरा करने के साथ-साथ सुंदर बनाने का भी प्रयास शुरू किया है।


अन्य पोस्ट