राजनांदगांव
राजनांदगांव, 11 जुलाई। महिला से छेड़छाड़, घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार 20 जून को एक पीडि़त महिला ने चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून की रात्रि लगभग 9 बजे आरोपी ईश्वर साहू, अनीता साहू एवं निर्मल साहू उसके घर में जबरन प्रवेश कर गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते उसके परिवार के संबंध में आपत्तिजनक आरोप लगाए। इसी दौरान आरोपी ईश्वर साहू ने पीडि़ता का हाथ पकडक़र उसकी साड़ी खींची तथा अन्य आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ चौकी मोहारा में अपराध क्रमांक 356/2026 अंतर्गत धारा 333, 296, 74, 351, 115(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के कथन, उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 10 जुलाई को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।