राजनांदगांव
राजनांदगांव, 5 जुलाई। मोहल्ले में हुल्लड़बाजी कर शांतिभंग करने वाले तीन असामाजिक तत्व को पुलिस ने गिरफ्तार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार 2 जुलाई को थाना बसंतपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कलकत्ता चिकन सेंटर के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हुल्लड़बाजी कर रहे हैं। उनके इस कृत्य से क्षेत्र में अशांति व भीड़ एकत्र हो गई थी। लोगों द्वारा समझाइश देने के बावजूद संबंधित व्यक्ति अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया, किंतु उन्होंने पुलिस की समझाइश की भी अवहेलना करते गाली-गलौज एवं हंगामा जारी रखा। जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते पुलिस ने अब्दुल जुबैर अहमद 27 वर्ष निवासी लालबाग प्रभातनगर, भूपेन्द्र बघेल 31 वर्ष निवासी लालबाग प्रभातनगर एवं साहिल यादव 30 वर्ष निवासी लालबाग प्रभातनगर को मौके से गिरफ्तार कर हिरासत में लिया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध इस्तगाशा क्रमांक 91-175/2026 के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। आरोपियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया।