राजनांदगांव

यात्री का लैपटॉप समेत डेढ़ लाख का सामान चुराने वाला गिरफ्तार
02-Jul-2026 4:09 PM
यात्री का लैपटॉप समेत डेढ़ लाख का सामान चुराने वाला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 जुलाई। डोंगरगढ़ आरपीएफ ने एक रेल मुसाफिर का लैपटॉप समेत अन्य सामानों की चोरी करने  के आरोपी को  रायपुर से गिरफ्तार किया है। रेलयात्री का लगभग डेढ़ लाख रूपए के सामान को चोर ने एसी कोच से पार कर दिया था। चोरी की घटना के दौरान यात्री टाटा-इतवारी ट्रेन से सफर कर रहा था। घटना 30 जून की है। रेल्वे पुलिस ने रिपोर्ट  के बाद हरकत में आते आरोपी को दो दिन के भीतर ढूंढ निकाला। डोंगरगढ़ आरपीएफ प्रभारी प्रशांत अल्डक के नेतृत्व में एक टीम ने रायपुर के महोबा बाजार से आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया ।

मिली जानकारी के अनुसार टाटा-इतवारी एक्सप्रेस (18109) में एसी कोच में यात्रा कर  रहे एक यात्री का लैपटॉप से भरा एक बैग चोरी हो गया। इसके बाद आरपीएफ को घटना की जानकारी दी गई। रेल्वे पुलिस ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत त्वरित कदम उठाते हुए अज्ञात चोर की पतासाजी करने अलग-अलग टीमों को जिम्मा सौंपा।

बताया जाता है कि यात्री के लैपटॉप बैग में मोबाईल, घड़ी, माऊस, चार्जर, समेत अन्य उपयोगी इलेक्ट्रानिक्स सामान थे। जिसकी कीमत 1. 56 लाख रूपए थी। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन डी. जिचकार ने डोंगरगढ़ पोस्ट, सीआईबी भिलाई, अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम को सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्य जुटाने व डोजियर विश्लेषण का निर्देश दिया। इस बीच आरपीएफ ने आरोपी के ठिकाने का पता लगाने रायपुर के महोबा बाजार में धावा बोला। इसके बाद 22 साल के विक्की सहानी को चोरी के सामान समेत गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर है। यानी उस पर पहले भी चोरी के तहत कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट