राजनांदगांव

सोशल मीडिया, कॉन्फ्रेंस और जागरूकता अभियानों से स्वास्थ्य चेतना बढ़ा रहे डॉ. प्रकाश खुंटे
30-Jun-2026 6:34 PM
सोशल मीडिया, कॉन्फ्रेंस और जागरूकता अभियानों से स्वास्थ्य चेतना बढ़ा रहे डॉ. प्रकाश खुंटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 30 जून। शासकीय मेडिकल कॉलेज, राजनांदगांव के मेडिसिन विभाग में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश खुंटे पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और मैदानी अभियानों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और विभिन्न शैक्षणिक व राष्ट्रीय मंचों का उपयोग स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों के प्रसार के लिए किया है।

ज्ञात हो कि कोविड-19 महामारी के दौरान डॉ. प्रकाश खुंटे ने शासकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्डों में मरीजों के उपचार में भूमिका निभाई। अस्पताल के भीतर मरीजों की देखरेख और प्रबंधन के साथ-साथ उन्होंने लॉकडाउन के दौरान फेसबुक, यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया। इसके जरिए उन्होंने वीडियो और ऑनलाइन विमर्श के माध्यम से होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमितों और उनके परिजनों तक चिकित्सीय सलाह और भ्रांतियों को दूर करने वाली वैज्ञानिक जानकारियां पहुंचाईं।

डॉ. प्रकाश खुंटे राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में आमंत्रित किए जाते हैं। इन सम्मेलनों में वे आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नए चिकित्सा अनुसंधानों और केस स्टडीज पर व्याख्यान देते हैं। वे इन मंचों के माध्यम से प्रदेश के युवा डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों के साथ भी चिकित्सा विज्ञान के अनुभवों को साझा कर रहे हैं।

हाइपरटेंशन, टाइप-2 डायबिटीज और क्रॉनिक स्ट्रेस जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन के लिए डॉ. खुंटे दवाओं के साथ-साथ समग्र दृष्टिकोण (होलिस्टिक अप्रोच) अपनाते हैं। वे मरीजों को योग और विशेष रूप से योगनिद्रा के अभ्यास की सलाह देते हैं। इसके माध्यम से मरीजों के मानसिक तनाव को कम करने का प्रयास किया जाता है, जिससे क्रॉनिक बीमारियों से पीडि़त मरीजों के ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायता मिल रही है। शैक्षणिक संस्थानों में डॉ. खुंटे द्वारा लगातार स्वास्थ्य कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। युवा पीढ़ी में बढ़ती जंक फूड की आदत और एंग्जायटी को देखते हुए वे छात्रों को संतुलित आहार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक तत्वों के महत्व की जानकारी देते हैं। इसके साथ ही, युवाओं को तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रखने के लिए वे नशामुक्ति पर परामर्श और व्याख्यान भी दे रहे हैं।

कम उम्र में बढ़ते कार्डियक अरेस्ट के मामलों को देखते हुए डॉ. खुंटे ने अपने जागरूकता अभियानों में लाइव सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) डेमो को शामिल किया है। वे मेडिकल डमी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हैं कि आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस के आने से पहले शुरुआती समय (गोल्डन आवर्स) में सीपीआर देकर किसी व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है।

 उनका उद्देश्य छात्रों को इस आपातकालीन चिकित्सा पद्धति में कुशल बनाना है।


अन्य पोस्ट