राजनांदगांव

कांग्रेस विधायक का वरिष्ठ अफसरों पर कमीशन लेने का आरोप
29-Jun-2026 3:51 PM
कांग्रेस विधायक का वरिष्ठ अफसरों  पर कमीशन लेने का आरोप

मोहला-मानपुर विधायक ने प्रेसवार्ता में लगाए गंभीर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 जून। मोहला-मानपुर जिले के एकमात्र विधायक इंद्रशाह मंडावी ने वनांचल के वरिष्ठ अफसरों पर पंचायती स्तर पर होने वाले प्रशासकीय कार्यों के एवज में कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। वहीं उन्होंने जिले की एक प्रमुख राजनीतिक ओहदेदार महिला नेत्री की भी मिलीभगत को लेकर कई आरोप लगाए हैं। उक्त वरिष्ठ अफसरों और महिला नेत्री से उनका पक्ष हेतु इस संवाददाता ने संपर्क किया। उनका पक्ष नहीं मिलने की वजह से हम नाम प्रकाशित नहीं कर रहे हैं।

रविवार को कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ अफसरों के कथित कमीशनखोरी की वजह से समूचा जिला प्रशासनिक तंत्र से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वरिष्ठ  अफसर द्वारा अपने करीबियों को पंचायत में करोड़ों रुपए का ठेका दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ अफसरों के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी वसूली कर रहे हैं।

मंडावी के इस आरोप से मोहला-मानपुर जिले में खलबली मच गई है। विधायक के मुताबिक सुशासन तिहार के दौरान पंचायतों से 30 हजार रुपए का खर्च कराया गया है। जिसमें वाहन सुविधा और भोजन की व्यवस्था शामिल है। यह भी आरोप है कि पंचायतों में कार्य शुरू होने से पहले ही अफसरों की ओर से कमीशन की राशि जमा करने का दबाव बनाया गया है। यही कारण है कि मोहला-मानपुर जिले के सरपंचों ने दो दिन पहले खुलकर सडक़ में आंदोलन किया था।

विधायक के आरोप से जिले की प्रशासनिक व्यवस्था कटघरे में खड़ी हो गई है। विधायक ने यह भी कहा कि वनांचल में अफसरशाही के हावी होने से जमीनी स्तर पर कार्य नहीं हो पा रहा है। समूचा आदिवासी इलाका अफसरों से  त्रस्त है।  विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार में शीर्ष अफसरों ने  संयुक्त रूप से पंचायतों पर दबाव डालते सुशासन तिहार का खर्च का भार उठाने मौखिक निर्देश दिया। जबकि पंचायतों की माली हालत किसी से छुपी नहीं है।

विधायक ने आरोप लगाया कि अफसरों के रवैये से समूचा जिला त्रस्त हो गया है। अफसरों की मनमानी का खामियाजा क्षेत्रीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा बालोद के दो ठेकेदारों को पंचायतों में कार्य करने के लिए ठेका देने से भी विवाद खड़ा हो गया है। इसके एवज में कमीशनखोरी में अफसर लिप्त हैं। मोहला-मानपुर जिले में अफसरों ने अपने करतूतों से प्रशासनिक आतंक का माहौल बना दिया है। विधायक ने प्रेसवार्ता में पूरी प्रशासनिक मशीनरी को कमीशन में लिप्त होने के लिए प्रत्यक्ष रूप से घेरा है। विधायक ने आरोप  लगाया कि राज्य प्रशासनिक सेवा के एक अफसर शीर्ष अधिकारियों के लिए वसूली कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट