राजनांदगांव
कई देश विरोधी पुस्तकें और नक्सल सामान नष्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जून। महाराष्ट्र की गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सल समस्या के खात्मे के बाद नक्सलियों के ठिकानों पर धावा बोलते एक हथियार बनाने की फैक्ट्री को धराशाही कर दिया है। पुलिस ने देश विरोधी पुस्तकों और वामपंथी विचारधाराओं से जुड़े साहित्य के अलावा नक्सल सामाग्रियों को भी नष्ट किया है। गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस गढ़चिरौली जिले के घनघोर जंगलों में घुसकर नक्सलियों की सामग्री व अन्य संसाधनों को जमींदोज कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक 23 और 27 मई 2026 को की गई कार्रवाई के साथ-साथ गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों ने 27 जून को एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाई गई सामग्रियों को जब्त कर लिया है। गोपनीय सूचना के आधार पर गढ़चिरौली पुलिस बल को सूचना मिली कि माओवादियों ने महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बलबेड़ा वन क्षेत्र में हथियार और अन्य सामग्री छिपा रखी है।
26 जून को गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में गढ़चिरौली और प्राणहिता की विशेष अभियान टीम की 6 संयुक्त टीमें, बीडीडीएस की 1 टीम और सीआरपीएफ की एक टीम उक्त वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाने भेजी गई। 27 जून को विशेष अभियान टीम ने उक्त वन क्षेत्र को घेर लिया और बीडीडीएस कर्मियों ने क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। गढ़चिरौली पुलिस बल ने 5 से 6 टन वजन की 1 खराद मशीन, 150 क्लेमोर और बीजीएल पाइप, 220 12 बोर पाइप, 20 रायफल रॉड, धातु की पट्टियां आदि माओवादी सामग्री जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घटनास्थल पर मिले सभी माओवादी साहित्य को टीम के कर्मियों की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह अभियान विशेष अभियान दल गढ़चिरौली और प्राणहिता, खुफिया प्रकोष्ठ और बीडीडीएस टीम के कर्मियों द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (संचालन) कार्तिक मधिरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज, उप पुलिस अधीक्षक (संचालन) विशाल नागरगोजे के पर्यवेक्षण में और गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने इस अभियान में भाग लेने वाले कर्मियों की सराहना की है।