राजनांदगांव
तुमड़ीबोड़ भी अब चौकी से बना थाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जून। राजनांदगांव जिले के दो पुलिस चौकियों को थाना का दर्जा देने प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से कुछ पुलिस चौकियों को उन्नयन कर थाना का दर्जा देने का प्रस्ताव पुलिस हेडक्वार्टर में लंबित था।
बताया जा रहा है कि चिखली और तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी को थाना बनाने के प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। थाना का दर्जा मिलने के बाद भवन हेतु भूखंड की तलाश की जा रही है। वहीं भवन एवं अन्य निर्माण कार्य हेतु बजट मिलने के फौरन बाद थाना अस्तित्व में आ जाएगा। पिछले कुछ सालों से राजनांदगांव शहर के पटरीपार की बढ़ती आबादी के साथ ही अपराधों का ग्राफ भी बढ़ा है। चिखली पुलिस चौकी में कोतवाली थाना के बराबर सालभर अपराध घटित होते हैं। ऐसे में थाना का दर्जा के लिए आला अफसर पीएचक्यू से पत्र व्यवहार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि चिखली को थाना का दर्जा दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस अफसर प्रयासरत थे।
उधर नेशनल हाईवे में स्थित तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी को भी थाना का दर्जा मिलने के बाद कानून व्यवस्था में कसावट और आपराधिक मामलों में गिरावट आने की उम्मीद है। दोनों पुलिस चौकियों को थाना का दर्जा मिलने के बाद इन दोनों क्षेत्रों में पुलिस बल की संख्या, वाहनों और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। पहले इन चौकियों को किसी अन्य मुख्य थाने के अधीन रहकर काम करना पड़ता था, लेकिन अब इन्हें स्वतंत्र थाना का दर्जा मिलने से स्थानीय निवासियों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने और पुलिस सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी।