राजनांदगांव
सिंगदई में छात्रावास भवन का लोकार्पण
सीसी रोड निर्माण, महिला घाट व आंगनबाड़ी भवन निर्माण व अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 जून। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को शहर के सिंगदई में 35 लाख रुपए की लागत के जिला निषाद केंवट सामाजिक भवन छात्रावास का लोकर्पण किया। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने स्थानीय विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने सिंगदई वार्ड में सीसी रोड निर्माण, सिंगदई में शिवनाथ नदी तट पर महिला घाट एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही समाज की मांग पर छात्रावास में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि की घोषणा की।
विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता से होती है। उन्होंने कहा कि समाज जब केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित न रहकर भावी पीढ़ी के भविष्य के लिए छात्रावास, शिक्षा और अन्य सुविधाओं का निर्माण करता है, तब वह विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि लगभग 35 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित जिला निषाद केंवट सामाजिक छात्रावास भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि समाज का संगठन जितना मजबूत होगा, उतनी ही तेजी से समाज के युवाओं और आने वाली पीढिय़ों का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढऩे कहा।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि निषाद समाज संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाला समाज है तथा समाज की एकता और संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। सांसद ने नवनिर्मित जिला निषाद केंवट सामाजिक भवन की सराहना करते कहा कि भवन का निर्माण अत्यंत सुंदर और उपयोगी ढंग से किया गया है।
गुंडरदेही विधायक एवं छत्तीसगढ़ निषाद समाज के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि निषाद समाज पूरे प्रदेश में शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज का लक्ष्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में आगे बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से जिला स्तर पर छात्रावासों की स्थापना की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर नेहरू निषाद व दु्रपत कुमार निषाद ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, मनोहर निषाद, गिरधर लाल निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।