राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 जून। पशु तस्करी करने के मामले में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 भैंसों और एक पड़वा, एक कार, पिकअप वाहन और मोबाइल को जब्त किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ जिले की पुलिस ने पशु तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गातापार पुलिस ने 3 भैंसों और एक पड़वा को क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की।
22 जून को थाना गातापार में मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति 3 भैंसों और एक पड़वा को एक पिकअप वाहन में ठूंसकर रस्सी बांधकर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र की ओर कत्लखाना ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद एक पिकअप वाहन 3 भैसों और एक पड़वा को लोड किया था। रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम गुलशन साहू 23 साल ग्राम छिपली थाना मगरलोड जिला धमतरी व रेयन कुमार बघेल 19 साल निवासी ग्राम मगरलोड धमतरी बताया। इनसे मवेशी को कहां ले जाने के संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि आगे जा रही ब्रेजा कार में बैठे व्यक्ति के साथ लांजी होते हुए महाराष्ट्र ले जाना बताया गया। ब्रेजा कार को रोककर पूछताछ करने पर अपना नाम टिकम वर्मा 18 साल 6 माह निवासी चन्द्रखुरी मुनगी रायपुर बताया। आरोपी से मवेशियों के खरीदी-बिक्री एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान आरोपी द्वारा 3 भैसों और एक पड़वा को रस्सियों से बांधकर तथा डंडे से मारते.पीटते हुए बिना चारा-पानी के ले जाना पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 भैंस, 4 रस्सी, एक पिकअप वाहन, एक नगर ब्रेजा कार, 4 मोबाइल को जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना गातापार में अपराध क्रमांक 39/2026 पंजीबद्ध कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में विवेचना कार्रवाई जारी है।
अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाएं जाने पर विधि अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।