राजनांदगांव

डोंगरगांव के दो सगे भाईयों पर कर्ज के एवज में किसानों की जमीन हड़पने का आरोप
20-Jun-2026 2:54 PM
डोंगरगांव के दो सगे भाईयों पर कर्ज के एवज में किसानों की जमीन हड़पने का आरोप

राजनीतिक संरक्षण के दम पर कुमर्दा क्षेत्र के दर्जनभर किसानों का जमीनी दस्तावेज हथियाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 जून। डोंगरगांव के दो सगे भाईयों पर कुमर्दा क्षेत्र के दर्जनभर किसानों ने कर्ज के एवज में खेती एवं संपत्ति के कागजात हड़पने का आरोप लगाया है। किसानों का आरोप है कि मूल एवं ब्याज पूर्ण रूप से वापस लौटाने के बावजूद दोनों सूदखोर भाई अपने गुर्गों के माध्यम से आतंक मचा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि दोनों भाईयों ने ऋण पुस्तिका से लेकर अन्य दस्तावेज को हथिया लिया है। पीडि़त किसानों का कहना है कि राजनीतिक संरक्षण के दम पर कुमर्दा क्षेत्र के कई किसानों की खेती और जमीन पर आरोपियों ने कब्जा किया हुआ है। शासन-प्रशासन और पुलिस से पीडि़तों ने न्याय की गुहार लगाई है।

शनिवार को पत्रकारवार्ता में दर्जनभर किसानों में अरूणा नांदेश्वर, दीपक कुमार, मंगतूराम, राधेश्याम, पिताम्बर, गणेशराम समेत दर्जनभर किसानों ने आरोप लगाया कि डोंगरगांव के कुख्यात सूदखोर सुमीत एवं अमित गांधी के पास गिरवी रखकर अल्प समय के लिए रुपए लिए थे। साल 2008-09 में ऋण पुस्तिका पर्चा भाग-01 को बतौर गिरवी रखा था। इस दौरान दोनों सगे भाईयों ने कोरे स्टाम्प में हस्ताक्षर कराकर पासपोर्ट साईज फोटो भी रख लिया।

किसानों के मुताबिक उक्त अवधि में सुमित एवं अमित के पिता स्व. मानिक गांधी जीवित थे। उनके जीवित रहने के दौरान पीडि़तों ने मूल और ब्याज समेत पूरी रकम लौटा दी थी। उस समय से आज पर्यन्त किसानों को ब्याज और मूल रकम जमा नहीं करने का आरोप लगाकर बेवजह परेशान किया जा रहा है। दोनों सगे भाईयों को मुनिम द्वारका प्रसाद साहू एवं अन्य मुनिमों द्वारा गुंडा-गर्दी की जा रही है। वहीं किसानों को डराया-धमकाया भी जा रहा है। पिछले दिनों एक किसान को  घर से उठाकर मारपीट कर एक कागजात में जबर्दस्ती हस्ताक्षर कराया गया। साथ ही अन्य किसानों को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। किसानों ने यह भी बताया कि दोनों सगे भाईयों ने अपने एवं एक मुनिम सोहन मंडावी के नाम से उनकी (किसानों की) जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री भी करा ली है। इस तरह सुमित एवं अमित गांधी द्वारा धोखाधड़ी कर किसानों की जमीन को अवैध तरीके से हड़प लिया है।

विवादित रहे हैं दोनों भाई

डोंगरगांव के रहने वाले दोनों भाई ब्याज के कारोबार में काफी कुख्यात हैं। पूर्व में भी इनके खिलाफ पुलिस में शिकायतें हुई थी। क्षेत्र के किसानों की जमीन हड़पने का यह पहला मामला नहंी है।

बताया जा रहा है कि अदालत में अब भी पूर्व के मामलों में सुनवाई जारी है। इस बीच अमित और सुमित गांधी भाजपा से जुड़े एक प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता के रिश्तेदार हैं। ऐसे में राजनीतिक संरक्षण के चलते शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से पीछे रहती है। दोनों सगे भाई का करोड़ों रुपए का व्यापार पूरे इलाके में फैला हुआ है। ब्याज के कारोबार को लगातार दोनों भाई ऐसे ही अनैतिक कार्यों से बढ़ा रहे हैं। राजनीतिक संरक्षण के दम पर दोनों भाईयों का पूरे क्षेत्र में खौफ बना हुआ है।


अन्य पोस्ट