राजनांदगांव
पर्यटन मंत्री राजेश व पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू ने ग्रहण किया अवार्ड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जून। छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया, जब गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित इंडिया टुडे टूरिज्म समिट एंड अवॉड्र्स 2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को ‘कल्चरल टूरिज्म विनर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के करकमलों से प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल एवं पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने राज्य की ओर से यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड ग्रहण किया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने छत्तीसगढ़ पर्यटन की उपलब्धियों, संभावनाओं और नवाचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ पर्यटन परिवार, पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों तथा प्रदेशवासियों में हर्ष का वातावरण है। यह सम्मान राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, पर्यटन संभावनाओं और पर्यटन विकास के प्रति सरकार एवं छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर मिला महत्वपूर्ण सम्मान है।


