राजनांदगांव
राजनांदगांव, 16 जून। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनांतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने ऋण देने शासन निर्देशानुसार स्वनिधि महोत्सव आयोजित किए जाने की कड़ी में नगर निगम द्वारा महापौर मधुसूदन यादव सहित पार्षदों की उपस्थिति में 18 जून को टाउन हाल सभागृह में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन सुबह 11 से शाम 4 बजे तक किया गया है। महोत्सव में पीएम स्वनिधि योजना के तहत वाणिज्यिक बैंकों एवं वेंडर्स की उपस्थिति में नए आवेदन ऑनलाइन कराने के साथ-साथ बैंकों में लंबित प्रकरणों की स्वीकृति एवं वितरण किया जाएगा।
स्वनिधि महोत्सव के संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों से जोडऩा है। उन्होंने बताया कि योजनांतर्गत बैंकों के माध्यम से तीन स्तर में प्रथम ऋण राशि 15 हजार रुपए, प्रथम ऋण अदायगी करने पर द्वितीय ऋण 25 हजार रुपए एवं द्वितीय ऋण अदायगी करने पर तृतीय ऋण राशि 50 हजार रुपए का ऋण देने का प्रावधान है।
योजनांतर्गत ऋण पर हितग्राही द्वारा नियमित रूप से ऋण अदायगी करने पर बंैक द्वारा ली जाने वाली ब्याज राशि में 7 प्रतिशत की राशि अनुदान के रूप में दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
स्वनिधि महोत्सव के लिए आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपा है। महोत्सव में वेंडर्स के अलावा विभिन्न बैंक के लोग बैंकों में लंबित प्रकरणों पर स्वीकृति एवं वितरण के लिए उपस्थित रहेंगे। महापौर श्री यादव ने वेंडर्स/व्यवसायियों को ऋण लेने ऑनलाइन आवेदन करने आधार कार्ड, पेन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, बैंक पास बुक, राशन कार्ड आदि दस्तावेज सहित मोबाईल फोन के साथ निर्धारित तिथि 18 जून को टाउन हॉल में उपस्थित होकर पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने की अपील की है।


