राजनांदगांव

सशक्त व संगठित सामाजिक संरचना का करें निर्माण
15-Jun-2026 4:25 PM
सशक्त व संगठित सामाजिक संरचना का करें निर्माण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जून
। नवागांव स्थित काली मंदिर बाबूटोला में सर्व यादव समाज की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकता, संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी एवं समाज के समग्र विकास को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्व यादव समाज के अध्यक्ष दुर्गेश यादव, पूर्व अध्यक्ष महेश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश यादव एवं जिला मीडिया प्रभारी दुर्गा यादव उपस्थित रहे। वरिष्ठजनों ने युवाओं को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने प्रेरित किया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संगठन एवं जागरूक युवा शक्ति में निहित होती है। वर्तमान समय में आवश्यकता इस बात की है कि समाज के सभी वर्ग आपसी मतभेदों को भुलाकर समाजहित के कार्यों में सहभागी बने तथा आने वाली पीढ़ी के लिए एक सशक्त एवं संगठित सामाजिक संरचना का निर्माण करें।

इस अवसर पर समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवा नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक संरक्षण तथा संगठन विस्तार जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा की गई। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे एवं समाज के विकास में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज की एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भविष्य में नियमित बैठकें आयोजित की जाएगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में समाजहित से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
बैठक में ऋभय यादव, अपूर्व यादव, मयंक यादव, सतीश यादव, भैरव सिंह यादव, अभिषेक यादव, सावन यादव, वीरेंद्र यादव, सूरज यादव एवं दिग्विजय सिंह यादव सहित अन्य युवा साथी उपस्थित रहे। बैठक का समापन समाज की एकता, भाईचारे एवं संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ किया गया। यह जानकारी सतीश यादव द्वारा दी गई।


अन्य पोस्ट