राजनांदगांव
मस्ती की पाठशाला के सफल आयोजन के लिए महापौर ने जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जून। 3 मई से प्रारंभ होकर 7 सप्ताह तक अलग-अलग खेलों के साथ मस्ती की पाठशाला का 14 जून को समापन हुआ। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नागरिकों की मांग पर स्वस्थ मनोरंजन के लिए नगर निगम द्वारा मस्ती की पाठशाला आयोजित की गई। 7 सप्ताह के आयोजन के बाद मस्ती की पाठशाला का समापन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे से ही बच्चे परिवार सहित बड़ी संख्या में पहुंचकर हर सप्ताह इसका आनंद उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कल 16 जून से शिक्षा सत्र प्रारंभ हो रहा है साथ ही बारिश भी आने वाली है, जिसे ध्यान में रखकर पाठशाला को विराम दिया जा रहा है। आगामी वर्षों में इसे और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने भी मस्ती की पाठशाला में उपस्थित होकर उत्साहवर्धन कर पाठशाला की सराहना की। पाठशाला का शुभारंभ योगाभ्यास से हुआ, उसके पश्चात बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी वर्ग के लोगों ने पारंपरिक खेल रस्साकसी, मटकी फोड़, रस्सी कूद, पिट्टूल, भौंरा, बैडमिंटन, सांप सीढ़ी, कराते, तीरंदाजी जैसे विभिन्न खेलों का मजा लिए। वहीं बच्चे झूला, फिसलपट्टी, रिंग डालना, निशाना लगाना आदि खेल का आनंद लेकर चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा उकेरे, जिन्हें यामिनी कला केन्द्र द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा छोटे-बड़े सभी लोगों ने गाना गाकर गीत-संगीत का आनंद उठया। वहीं जुम्बा डॉस में छत्तीसगढ़ी, हिन्दी, गानों में अंत तक थिरकते नजर आए। बाली अखाड़ा के बच्चों ने आग का गोला घुमाने के अलावा अखाड़ा के विभिन्न प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिए। महापौर मधुसूदन यादव स्वयं गाना गाकर अखाड़ा में प्रदर्शन किए।
दिसंबर में मस्ती की पाठशाला आयोजित करने मांग
सभी वर्ग के लोगों ने मस्ती की पाठशाला की सराहना करते कहा कि पाठशाला में आने के लिए बच्चों में एक दिन पहले से उत्साह रहता था और सुबह अपने मन से उठकर तैयार हो पाठशाला में चलने जिद करते थे। उन्होंने कहा कि आज के इस मोबाइल के युग में यहां आकर हमारी बचपन की यादें ताजा हो जाती थी, क्योंकि आज-कल पारंपरिक खेल, खेलना तो दूर देखने को नहीं मिलता। बच्चे, युवा एवं महिलाओं ने ठंड के दिनों में दिसंबर में मस्ती की पाठशाला आयोजित करने की महापौर से मांग की।
उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वालों का सम्मान
मस्ती की पाठशाला में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। महाकाल सेना एवं बड़े व्यापारिक संगठन ने महापौर, आयुक्त एवं निगम अध्यक्ष का सम्मान कर उपस्थितजनों को उन्होंने चाय-बिस्किट का वितरण किया। वहीं छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज की ओर से हेल्थ जॉच कर काढा वितरण किया गया। हर सप्ताह सहयोग करने पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बाडी टेक जीम, रीदम रिवाल्युसन गु्रप, पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास तथा योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन गु्रप,मदर टेरेसा ग्रुप, ब्लड डोनेड संघ, यामिनी कला केन्द्र, राजनांदगांव रनर गु्रप, इंडियन टीवीएस कम्पनी, महाकाल सेना, व्यापारिक संगठन के अलावा खेल जगत से हॉकी, कराटे, तीरंदाजी आदि संघों का आभार व्यक्त किया।


