राजनांदगांव

खाद की कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन
15-Jun-2026 3:52 PM
खाद की कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन

किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 15 जून। डोंगरगांव क्षेत्र में खाद संकट और कालाबाजारी के विरेाध में सोमवार को जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव के नेतृत्व में किसानों ने जिला कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया। क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि खरीफ सीजन में किसानों को डीएपी और खाद की संकट से जूझना पड़ रहा है।

कालाबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से कृत्रिम संकट की स्थिति बनी है। साथ ही पेट्रोल पंपों से डीजल नहीं मिलने को लेकर भी नारेबाजी करते प्रदर्शन किया गया। जिपं सदस्य श्री यादव ने बैलगाड़ी में सवार होकर जिला कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को जिला प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही मांग के जल्द पूरा नहीं होने को लेकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।

जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव ने सोमवार को खरीफ सीजन के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वर्तमान खरीफ सीजन में जिले के किसानों को डीएपी खाद की गंभीर संकट झेलना पड़ रहा है। बुवाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है, किन्तु अधिकांश सहकारी समितियों एवं सोसाइटियों में डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है। किसान खाद लेने लगातार सोसाइटियों में चक्कर लगा रहे हैं।

उन्होंने चिंता जताते कहा कि निजी व्यापारियों के पास डीएपी एवं यूरिया अधिक मात्रा में उपलब्ध है, किन्तु किसानों को सरकारी समितियों में खाद नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में किसानों को निजी व्यापारियों से अधिक एवं लगभग दोगुने दाम पर खाद खरीदी करनी पड़ रही है। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से जिले के सभी सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा कालाबाजारी एवं अधिक मूल्य पर बिक्री पर प्रभारी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की जायज मांगों के समर्थन में जन आंदोलन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। 

 प्राईवेट व्यापारियों के पास खाद का अवैध भंडारण

श्री यादव ने कहा कि डोंगरगांव विधानसभा से पूरे किसान पहुंचे हुए हैं। बुवाई का सीजन चालू है, किसानों को ना तो डीएपी खाद मिल रहा है और ना तो डीजल मिल रहा है। जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, किसान परेशान होते हैं, किसानों पर अत्याचार होता है, हताश होते हैं। आज हम या मांग करते कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने आए हैं कि किसानों को जल्द से जल्द डीएपी खाद उपलब्ध कराए, पूरे क्षेत्र में किसी भी सोसाइटी में डीएपी खाद नहीं है, लेकिन प्राइवेट व्यापारियों के पास इतनी मात्रा में अवैध भंडारण डीएपी यूरिया खाद की है और उसको डबल रेट में बेचा जा रहा है। सरकारी रेट 1350 रुपए डीएपी का है, उसको 3000 में बेचा जा रहा है। यूरिया का खाद 266 रुपए है, उसको 1000 में बेचा जा रहा है तो यह किसानों के साथ अन्य है। किसान आर्थिक बस से दबे हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की। 

 डीजल उपलब्ध कराने की मांग

जिपं सदस्य श्री यादव ने कहा कि किसानों को डीजल भी उपलब्ध कराया जाए। आज किसान पेट्रोल पंपों में डीजल खरीदने जाते हैं तो उन्हें उन्हें डिब्बों में डीजल नहीं दिया जा रहा है, बोलते हैं ट्रैक्टर लेकर आओ,तो किसान कितनी बार ट्रैक्टर लेकर जाएंगे। श्री यादव ने कहा कि जल्द ही खाद की व्यवस्था नहीं होती तो सडक़ में जन आंदोलन करने मजबूर होंगे।

किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जिला कार्यालय के गेट के सामने प्रदर्शन करते साय सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन करते जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

 बैलगाड़ी से पहुंचे प्रदर्शनकारी

खरीफ सीजन में डीएपी व खाद संकट और किसानों  को डिब्बों में डीजल नहीं देने के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने बैलगाड़ी से जिला कार्यालय पहुंचे। बैलगाड़ी में सवार होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी किया। साथ ही अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते नजर आए।


अन्य पोस्ट