राजनांदगांव
गुणवत्तापूर्ण तरीके से करें समय पर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जून। सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सुश्री आर. शंगीता ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नगरीय निकायों अंतर्गत शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे।
सुश्री शंगीता ने कहा कि नगरीय निकाय किसी भी प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। शहरों में विभिन्न तरह की सुविधाएं नागरिकों के लिए उपलब्ध होती है। जिसके दृष्टिगत नगरीय प्रशासन को बेहतर बनाना और शासन की योजनाओं का बेहतरीन क्रियान्वयन कराना अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण कार्य भी है।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय अंतर्गत विभिन्न वार्डों के लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि सभी नोडल अधिकारी समग्र दृष्टिकोण से अपने संबंधित वार्ड एवं क्षेत्रों के संबंध में पूरी जानकारी रखेंगे एवं नियमित मानिटरिंग करेंगे। शासन की राशि का सदुपयोग करते गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर कार्य पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं सीएमओ सहित सभी अधिकारियों को सक्रियता, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी वार्डों में जाएं व जमीन स्तर पर निरीक्षण एवं सर्वे करें तथा योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। आपसी समन्वय एवं सहयोग से सभी टीम वर्क में शहर के विकास एवं स्वच्छता के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में ऐसे स्थान जहां जल भराव की स्थिति बन सकती है, उसका चिन्हांकन करते बारिश के पहले सभी नालियों के साफ-सफाई करवाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दरों की स्वीकृति समय पर होनी चाहिए। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एएचपी अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आवासों के आधिपत्य एवं हितग्राहियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जियो टैंगिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सार्वजनिक शौचालय के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में नगर पालिक निगम के आय बढ़ाने के लिए शासकीय भूमि पर कमर्शियल काम्प्लेक्स का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल में कमी लाने के लिए अधोसंरचना अंतर्गत सौर ऊर्जा को बढ़वा दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिले में उद्यानों के मरम्मत के लिए सीएसआर के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने नगर निगम अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर आर एक्का, सुरूचि सिंह, शशांक पाण्डे, सचित साहू, सुनील अग्रहरि, जयप्रकाश साहू सहित नगर पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तकनीकी अधिकारी, नोडल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


