राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून। जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम तुमडीबोड़, किरगी, भानपुरी, डुमरडीहकला, घुमका, कलेवा, पटेवा, झुरलाखुर्द, भटगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम झुरलाखुर्द एवं तुमड़ीबोड में मुरूम, रेत, चूना पत्थर गिट्टी का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने पर 5 वाहनों को जब्त किया गया। इसके तहत ग्राम झुरलाखुर्द में खैरागढ़ निवासी बब्बू खान के स्वामित्व की जेसीबी सीजी-08- एएन-3872 से ग्राम सण्डी निवासी वाहन चालक दिनेश वर्मा, हाईवा सीजी-08-एल-3263 से ग्राम कुहकाबोड निवासी वाहन चालक हुलास वर्मा एवं माजदा क्रमांक सीजी-08-एएच-0546 से ग्राम मानपुर निवासी वाहन चालक समदखान द्वारा मुरूम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने पर कार्रवाई करते जब्त कर थाना घुमका को सुपुर्द किया गया।
इसी तरह ग्राम सोनबरसा में ग्राम पटेवा निवासी ललित धनकर के स्वामित्व की माजदा क्रमांक सीजी-08-एएक्स-2371 से ग्राम अवेली निवासी वाहन चालक रूपचंद द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते जब्त कर थाना घुमका को सुपुर्द किया गया। ग्राम तुमड़ीबोड़ में डोंगरगांव निवासी पिन्टू गुप्ता के स्वामित्व की हाईवा क्रमांक सीजी-07-बीएफ-8125 से ग्राम अरसीटोला निवासी वाहन चालक अमित यादव द्वारा चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते जब्त कर थाना तुमड़ीबोड़ को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण की रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।


