राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन तथा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग राजनांदगांव एवं स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण तथा साइकिलिंग के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों, खेल प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, आईटीबीपी के जवानों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल रैली में शामिल होकर नियमित व्यायाम एवं साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। जिसके कारण अनेक प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है। ‘सेहत की डोज, आधा घंटा रोज’ का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यदि प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा साइकिल चलाई जाए तो शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है।
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक खेल या शौक नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा देशभर में प्रत्येक रविवार को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाडिय़ों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता यह दर्शाती है कि लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में साइकिलिंग को शामिल करने का आग्रह किया। आईटीबीपी कमांडेंट मनोज बहुगुणा, समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर एवं निर्धारित मार्ग पर साइकिल रैली निकालकर फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली में शामिल खिलाडिय़ों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई तथा नियमित साइकिल चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।


