राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत गुजरात से आई पुलिस टीम ने 17 मई से 6 जून तक 21 दिवसीय छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेंज का भ्रमण किया। वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव रेंज को गुजरात पुलिस कर्मियों को भ्रमण के लिए चुना गया है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत गुजरात राज्य के छत्तीसगढ़ राज्य के साथ एक जोड़ी राज्य के रूप में तय किया गया है। दोनों राज्यों के पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे राज्यों की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर संस्कृति का आदान-प्रदान करेंगे। एक-दूसरे के राज्यों की पुलिस कार्रवाई को देखेंगे और सीखेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अंकिता शर्मा से रूबरू हुए। एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत राजनांदगांव पुलिस द्वारा गुजरात पुलिस के साथ अनुभव और विशेषज्ञ साझा करने एवं राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए गुजरात पुलिस को अतिथ्य के लिए सम्मान किया गया।
एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत गुजरात के कुल 15 पुलिस कर्मियों का दल छत्तीसगढ़ राज्य के जिला राजनांदगांव में भ्रमण हेतु पंहुचा है जो राजनांदगांव जिले के थाना आजाक, महिला प्रकोष्ठ, आईयूसीए डब्ल्यू इकाई सबंधी कार्य, नगर सेना कार्यालय, जिला जेल राजनांदगांव, यातायात शाखा, सायबर इकाई, पुरातत्व एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन, जिला राजनांदगांव पुलिस के कार्यों की जानकारी, थाना कार्य की जानकारी, सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर का भ्रमण, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कार्यों की जानकारी, दर्शनीय स्थल भ्रमण/अवलोकन, जिला कबीरधाम के कार्यों की जानकारी, दर्शनीय स्थल भ्रमण /अवलोकन, जिला मोहला-मानपुर-अं. चौकी के कार्यों की जानकारी, जिले का संचार कार्यों की जानकारी जिले में पर्यटन, धार्मिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान गुजरात पुलिस के साथ अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने एवं राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेंज राजनांदगांव वर्ष 2026 के लिए चुना गया है।
भेंट देकर किया सम्मानित
मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को एसपी कार्यालय के सभागार में एसपी अंकिता शर्मा द्वारा गुजरात पुलिस से आए भ्रमण दल के सदस्यों को भेंट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समापन पर छग राज्य के पुलिसकर्मियों के हर संभव सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त करते बताया कि यहां की लोककला संस्कृति से परिचित होकर अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। छग राज्य के पुलिस कार्यप्रणाली सहज, सरल एवं मानवीयता पूर्ण है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज एवं रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर उपस्थित थे।


