राजनांदगांव
मोहला-मानपुर में लाखों की अवैध शराब जब्ती के बाद सप्लाई चैन ध्वस्त करेगी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। मोहला-मानपुर में लाखों रुपए के अवैध शराब की खेप पकडऩे के बाद पुलिस मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल की मदद ले रही है। पुलिस चालक के मोबाइल का सीडीआर निकालकर कॉल डिटेल के आधार पर सप्लाई चैन को ध्वस्त करने की तैयारी में है। एसपी वाईपी सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि शराब तस्करी को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है। लोडिंग वाले इलाके से लेकर पूरे रास्ते की पुलिस सीडीआर से पतासाजी कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहला-मानपुर पुलिस ने अवैध शराब को जब्त करने के बाद मुख्य तस्करों को घेरने के लिए मोबाइल रिकार्ड खंगालना शुरू किया है। पुलिस चालक बलराम डांगी से लगातार पूछताछ कर रही है। लगभग 70 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब को गढ़चिरौली में खपाने की तैयारी थी। इस बीच मध्यप्रदेश के मुलतई से ट्रक नागपुर, देवरी जैसे अन्य बड़े कस्बों से मोहला-मानपुर तक पहुंची।
दिलचस्प बात यह है कि अवैध शराब से भरी ट्रक पर किसी की नजर नहीं पड़ी। जबकि मोहला-मानपुर पुलिस ने सूचना के आधार पर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में अलग-अलग ब्रांड की महंगी शराब को पुलिस ने जब्त किया है। करीब 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब में 100 पेटी रॉयल स्टेज पौवा कुल 4800 पौवा कीमती 9 लाख 60 हजार रुपए, 300 पेटी बीयर कुल 7200 पौवा कीमती 13 लाख 68 हजार रुपए, 400 पेटी गोवा व्हिस्की पौवा कुल 20 हजार पौवा कीमती 2 लाख 70 हजार रुपए शामिल है।
गौरतलब है कि जब्त शराब को गढ़चिरौली में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। गढ़चिरौली पूर्ण रूप से शराब प्रतिबंधित जिला है।
ऐसे में तस्करों ने मध्यप्रदेश से शराब भरकर महाराष्ट्र के रास्ते छत्तीसगढ़ की सरहद से शराब सप्लाई करने के इरादे से ट्रक को रवाना किया था। इससे पहले पुलिस ने तस्करों के इरादों पर पानी फेर दिया। मोहला-मानपुर पुलिस सीडीआर और अन्य तरीकों से मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि इस बड़े शराब तस्करी के मामले में आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे। बहरहाल मोहला-मानपुर पुलिस अलग-अलग स्तर पर शराब नेटवर्क को ध्वस्त करने की योजना पर कार्य कर रही है।


