राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। मोहला-मानपुर पुलिस ने शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। दोपहर को पुलिस ने मानपुर के एसडीएम कार्यालय के सामने से गुजर रहे ट्रक को जब कर रोका तो शराब की एक बड़ी खेप देखकर पुलिस जवानों के होश उड़ गए।
पुलिस को देखकर ट्रक चालक बलराम सिंग डांगी भागने लगा। दौड़ाकर पुलिस ने जब उसे पकड़ा, तब भारी मात्रा में शराब के महाराष्ट्र के चंद्रपुर ले जाने की जानकारी दी। राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव ने बताया कि जब्त शराब की कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी गई है। ट्रक में करीब 800 पेटी विभिन्न ब्रांड की शराब है। ट्रक चालक मध्यप्रदेश निर्मित शराब को चंद्रपुर ले जा रहा था।
इस बीच मोहला-मानपुर पुलिस को अवैध शराब ले जाने की भनक लग गई। बताया जाता है कि उक्त शराब को मध्यप्रदेश के पांढुरना जिले के मुलताई से लोड कर नागपुर, देवरी, अंबागढ़ चौकी के रास्ते मोहला-मानपुर से औंधी होकर चंद्रपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक से कड़ी पूछताछ कर अवैध शराब के गोरखधंधे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को मानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अंबिकापुर पासिंग की एक सफेद रंग की ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड कर अंबागढ़ चौकी, मोहला- मानपुर एवं औंधी मार्ग होते हुए महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर परिवहन किया जा रहा है। मानपुर पुलिस द्वारा एसडीएम कार्यालय मानपुर के समीप एमसीपी प्वाईंट स्थापित कर सघन वाहन चेकिंग की गई। वाहन चेकिंग के दौरान वाहन आता हुआ दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई। पुलिस को देखकर वाहन चालक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस स्टाफ द्वारा घेराबंदी कर दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बलराम सिंह निवासी नागपुर महाराष्ट्र बताया। पूछताछ पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड है। वाहन की तलाशी लेने पर लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
75 लाख की शराब और ट्रक जब्त
100 पेटी रॉयल स्टेज पौवा कुल 4800 पौवा कीमती 9 लाख 60 हजार रुपए, 300 पेटी बीयर कुल कीमती 13 लाख 68 हजार रुपए, 400 पेटी गोवा व्हिस्की पौवा कुल 20 हजार पौवा कीमती 2 लाख 70 हजार रुपए शामिल है। कुल अंग्रेजी शराब कीमत 50 लाख 28 हजार रुपए, एक ट्रक जिसकी कीमत 25 लाख रुपए कुल जुमला 75 लाख 28 हजार रुपए को जब्त किया गया।
गढ़चिरौली जिले में शराब खपाने की थी फिराक
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उक्त शराब मध्यप्रदेश के जिला बैतूल तहसील मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी तथा नागपुर, देवरी, चिचोला, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला-मानपुर एवं औंधी मार्ग से महाराष्ट्र बॉर्डर तक पहुंचाई जानी थी, क्योंकि महाराष्ट्र के जिला गढ़चिरौली में शराब दुकान नहीं होने से अवैध शराब को जिला गढ़चिरौली बॉर्डर के सरहदी ग्रामों के आसपास अवैध शराब को खापाने की फिराक में थे । आरोपी ने बताया कि महाराष्ट्र में शैलेष नामक व्यक्ति के संपर्क में रहकर उक्त शराब को अनलोड किया जाना था।
पुलिस द्वारा आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन एवं अवैध शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका एवं नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।


