राजनांदगांव

पारिवारिक तनाव से त्रस्त प्रधान आरक्षक ने की खुदकुशी
07-Jun-2026 1:49 PM
पारिवारिक तनाव से त्रस्त प्रधान आरक्षक ने की खुदकुशी

खैरागढ़ जिला पुलिस बल का था जवान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून।
खैरागढ़ जिले में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने पारिवारिक तनाव के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 42 साल के प्रधान आरक्षक को घर के कमरे में शनिवार सुबह फंदे पर लटका देखा गया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। खैरागढ़ पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक प्रधान आरक्षक शीतल यादव का खैरागढ़ के दाऊचौरा में एक मकान है। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ निवासरत था। शुक्रवार को वह ड्यूटी कर जब घर लौटा तो कमरे में सोने चला गया। सुबह जब पत्नी की नींद खुली तब प्रधान आरक्षक को फांसी के फंदे में लटका देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी ने सुबह लगभग 4 बजे प्रधान आरक्षक को फांसी में लटका पाया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को देर रात को वह जब ड्यूटी से लौटा तब घर के सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे। वह मकान के हॉल में ही सो गया। पत्नी की अचानक नींद खुलने के बाद उसे फांसी में लटका देखा गया। इस स्थिति को देखकर पत्नी ने चीख-पुकार कर मदद के लिए आवाज लगाई। पड़ोसी भी मौके पर सहायता के लिए पहुंच गए। साथ ही पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।

बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव के चलते  प्रधान आरक्षक ने आत्महत्या का रास्ता चुना। सूत्रों का कहना है कि पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर तनाव की वजह जानने पतासाजी कर रही है। खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने मामले की विस्तृत जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई करने अफसरों को निर्देशित किया है। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक बेहद ही व्यवहारिक और शांत स्वभाव का था। उसके इस तरह से खुदकुशी करने की घटना को लेकर हर कोई हैरत में पड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट