राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। पत्नी द्वारा दूसरी शादी करने से नाराज पति ने भाई के साथ मिलकर पत्नी के दूसरे पति पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कटारनुमा चाकू एवं डंडा जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 3 जून को चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि चिखली निवासी सोनू साहू जब जेल में था, उसी दौरान उसकी पत्नी से जान-पहचान होने से दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे तथा दोनों आपसी सहमति से विवाह कर लिए। सोनू साहू जेल से छूटने के पश्चात अपनी पत्नी की दूसरी शादी करने से नाराज होकर पत्नी के दूसरे पति से रंजिश रखता था। इसी बात को लेकर 2 जून को आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप अपने भाई राजा साहू उर्फ सूरज के साथ मिलकर बातचीत करने अपने घर बुलाकर प्रार्थी को जान से मारने की नीयत से डंडा और धारदार कटारनुमा चाकू से वार कर चोट पहुंचाया। रिपोर्ट पर धारा 296, 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। चौकी चिखली पुलिस द्वारा टीम तैयार कर आरोपी राजा को चिखली से एवं आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप को दुर्ग से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर अपराध सदर धारा का अपराध घटित करना स्वीकार करने पर विधिवत कार्रवाई करते गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार जेल दाखिल किया गया।


