राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। घुमका नगर पंचायत चुनाव परिणाम पर नेता प्रतिपक्ष द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को राजनीतिक टिप्पणी करने से पहले यह आत्ममंथन करना चाहिए कि उसकी जवाबदेही अपने निर्वाचन क्षेत्र की जनता और उनके विकास के प्रति है या केवल अनर्गल प्रलाप करना उसका उद्देश्य रह गया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं, विकास कार्यों और राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में अपनी भूमिका पर गंभीरता से ध्यान देते तो जनता को अधिक लाभ मिलता। केवल भाजपा की आलोचना कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का प्रयास करना उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भाजपा को कमजोर बताने से पहले घुमका नगर पंचायत चुनाव के वास्तविक आंकड़ों पर भी नजर डाल लें। नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 10 वार्डों में भाजपा ने शानदार विजय प्राप्त कर अपना परचम लहराया है। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर जीत के बावजूद पूरे नगर पंचायत में अपना बहुमत सिद्ध नहीं कर सकी है। ऐसे में भाजपा के जनाधार पर सवाल उठाना तथ्यों से परे और जनता के निर्णय का अपमान है।


