राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। महापौर मधुसूदन यादव ने गुरुवार को बजट प्रावधान क्रियान्वयन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर बजट प्रावधानों पर बिंदुवार चर्चा कर दिशा निर्देश दिए।
श्री यादव ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष के दीर्घकालीन योजनाएं जो प्रगतिरत है, उन्हें आगे बढ़ाकर पूरा करना है। इसी प्रकार इस वर्ष के प्रावधानों का भी क्रियान्वयन करना है। उन्होंने कहा कि सभी प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, सभी अधिकारी प्रावधान अनुसार स्थानीय एवं शासन स्तर पर प्रक्रिया करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि प्रावधानों का लाभ जनता को मिल सके। उन्होंने बिन्दुवार सभी प्रावधानों के संबंध में प्रभारी अधिकारियों से चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि कुछ प्रावधानों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिसमें निर्धन छात्रा शिक्षा व्यवस्था अंतर्गत तीन शाला में निर्धन छात्राओं के वार्षिक शुल्क के लिए प्राचार्यों को राशि दी गई है। वार्डों में डस्टबिन वितरण किया जा रहा है। मस्ती की पाठशाला का हर रविवार को आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा गंजपारा अंग्रेजी माध्यम स्कूल का जीर्णोद्वार किया गया, सडक़ चौड़ीकरण व उन्नयन कार्य, मंदिरों का जीर्णोद्वार, हाईमास्क लगाने के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। आयुक्त ने कहा कि काम्पलेक्स निर्माण के लिए पुराने भवन तोडऩे सामान्य सभा से स्वीकृति उपरांत आगे की प्रक्रिया की जा रही है। पाईप लाइन विस्तार टंकी निर्माण जल सयंत्र गृह मरम्मत के लिए शासन स्तर पर तकनीकी स्वीकृति हेतु मुख्य अभियंता को भेजा गया है।
महापौर श्री यादव ने कहा कि वृक्षारोपण के लिए उचित स्थल का चयन कर प्रक्रिया करें, ताकि वर्षा ऋतु में पौधरोपण किया जा सकें। इसके अलावा व्यवसायिक परिसर निर्माण, तालाब संरक्षण व सौंदर्यीकरण, उद्यान संरक्षण, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, प्रतिमा स्थापना, क्रिकेट टर्फ का निर्माण, महिला हाट बाजार व महिला प्रसाधन, डाग शेल्टर आदि प्रावधानों के अलावा अन्य प्रावधानों के लिए शासन की अधोसरचना, पर्यावरण उपकर निधि, 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन योजनांतर्गत प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करें तथा जिन प्रस्तावो को शासन को भेजा गया है, शासन स्तर पर उसकी स्थिति की जानकारी लेकर अवगत कराएं। जिससे आगे की प्रक्रिया की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी अधिकारी बजट प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए प्रक्रिया करें, ताकि प्रवाधानों का क्रियान्वयन होकर धरातल पर काम दिख सके। बैठक में दीपक खांडे, यूके रामटेेके, प्रणय मेश्राम, संजीव मिश्रा, राजेश मिश्रा, राकेश नंदे उपस्थित थे।


