राजनांदगांव

जन्मदिन पर 46 ने किया रक्तदान, सबको मिला हेलमेट
06-Jun-2026 4:22 PM
जन्मदिन पर 46 ने किया रक्तदान, सबको मिला हेलमेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून।
समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में 46 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान का संकल्प लिया।

पत्रकार मिथलेश देवांगन और जय चोटिया, थाविस्का चोटिया, दर्शन चोटिया, गजेंद्र निर्मलकर, जितेंद्र साहू व अंकिता ओटी के जन्मदिन पर मोतीपुर में देवांगन समाज के भवन में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। प्रत्येक रक्तवीर को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल ने रक्तदान के साथ-साथ यातायात सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम होना चाहिए। रक्तदान जैसे पुण्य कार्य से अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है और अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है। सभी ने मिथलेश देवांगन के इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। रक्तवीरों के उत्साह और सेवा भावना ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

छायुमं के प्रदेश संयोजक नागेश यदु ने बताया कि छायुमं का यह 145वां रक्तदान शिविर है। मंच के नगर अध्यक्ष साहिल जंघेल, शिविर प्रभारी भव्य देवांगन व बालकृष्ण कोमरे ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं व गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही।
शिविर में डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, देवांगन समाज की तरफ  से इंजीनियर जीआर देवांगन, दयावान देवांगन, जेठूराम, पंचम, मनहरण, शोभाराम,  बाबूलाल, रामकुमार देवांगन, मुन्ना, प्रेम सिन्हा, प्रकाश साहू, महेश सिन्हा आदि का सहयोग रहा।


अन्य पोस्ट