राजनांदगांव

ओवरटेक को लेकर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
04-Jun-2026 4:06 PM
ओवरटेक को लेकर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून।
ओवरटेक करने की बात को लेकर युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले दो अज्ञात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, एक धारदार चाकू एवं दो मोबाइल फोन जब्त किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

मिली जनकारी के अनुसार डोंगरगढ़ के टिकरापारा निवासी प्रार्थी रामलाल चंद्रवंशी ने बोरतलाव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका भतीजा ओमप्रकाश चंद्रवंशी अपने साथियों युवराज चंद्रवंशी, धनसाय नेताम, रामप्रसाद नेताम एवं मुरली मनोहर चंद्रवंशी के साथ 31 मई को ग्राम दर्रेकसा महाराष्ट्र में आयोजित छ_ी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम उपरांत सभी लोग रात्रि लगभग 9 बजे तीनों मोटर साइकिलों से अपने ग्राम कोटनापानी वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम बोरतलाव फॉरेस्ट बैरियर के पास मोटर साइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ओमप्रकाश चंद्रवंशी एवं रामप्रसाद नेताम की मोटर साइकिल का पीछा करते ओवरटेक करने की बात पर गाली-गलौज की गई तथा उन्हें वाहन रोकने कहा गया, जब उन्होंने वाहन नहीं रोका, तब दोनों अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा करते थाना बोरतलाव के आगे लाल कटिंग रोड स्थित सब्जी फार्म हाउस के पास मोटर साइकिल रुकवाई और रात्रि लगभग 9.50 बजे ओमप्रकाश चंद्रवंशी पर धारदार हथियार से हमला कर उसके पेट के बाएं हिस्से में गंभीर चोट पहुंचाई। जिससे वह बेहोश हो गया।
 

रिपोर्ट पर थाना बोरतलाव में अपराध क्रमांक 40/2026, धारा 296, 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अज्ञात आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम बागरेकसा में दबिश देकर आरोपी  निरज कुमार परते  21 वर्ष निवासी ग्राम छिन्दीजोब बोरतलाव और करन कुमार चंद्रवंशी निवासी ग्राम छिन्दीजोब बोरतलाव को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, एक धारदार चाकू तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।


अन्य पोस्ट